सफाई ठप मवेशी पकड़ रहे सफाई कर्मी
संवाद सूत्रअचलगंज सफाई कर्मियों के हाथ में झाड़ू पंजा के बजाय लाठी और रस्सा दिखाई पड़े
संवाद सूत्र,अचलगंज: सफाई कर्मियों के हाथ में झाड़ू पंजा के बजाय लाठी और रस्सा दिखाई पड़े तो चौंके नहीं, इस समय सफाई के बजाय उन्हें मवेशी पकड़ने की जिम्मेदारी दे दी गई है। मवेशियों के पीछे दौड़ना उनकी मजबूरी भी बन गई है क्यों कि अगर उनके क्षेत्र में बेसहारा मवेशी घूमते नजर आएंगे तो वेतन काट दिया जाएगा। वेतन कटने से बचाने के लिए अब वह सफाई से कहीं अधिक मवेशियों पर नजर बनाए हैं। वह मवेशी पकड़ तो नहीं पा रहे हैं लेकिन मुख्यमार्ग से हटाने के लिए उन्हें जंगल की ओर खदेड़ देते हैं।
मवेशी पकड़ने का मौखिक आदेश उच्चाधिकारियों ने दिया है। यह आदेश सफाई कर्मियों के गले की हड्डी तो बना है। सफाई कर्मी बेसहारा मवेशी सड़क पर नजर न आए इससे लाठी लेकर दिन रात निगरानी में लगे हैं। वह बेसहारा मवेशियों को कपड़ तो नहीं पा रहे हैं लेकिन जंगल की ओर खदेड़ देते हैं। मवेशियों का झुंड रात में खेतों में पहुंच जाता है जिससे किसानों के संकट को भी बढ़ रहा है। नाम न छापने की शर्त पर सफाई कर्मियों ने बताया कि दिन की ड्यूटी के बजाय लाठी डंडे लेकर रात में भी निगरानी करनी पड़ रही है।
अन्नदाताओं के अनुसार बेसहारा मवेशियों की समस्या नयी नहीं है। दशकों से इस समस्या से जूझते आ रहे हैं। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में इसे शामिल किया और न्याय पंचायत स्तर पर गोशाला बनी बेसहारा मवेशी पकड़े भी गए। किसानों का आरोप है कि अंतिम दौर में दिखायी गयी सक्रियता के बावजूद भी हजारों की संख्या में घूम रहे बेसहारा मवेशियों से किसान को राहत नहीं मिल पायी। पूस की सर्द रातें भी किसान अपने खेत पर जाग कर बिता रहे हैं। अब जिम्मेदारों ने सड़कों पर जानवर न दिखे इसके लिए मौखिक तौर पर ग्राम पंचायत ,नगर पंचायत में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी इस हिदायत के साथ लगाई गई है कि संबंधित क्षेत्र में बेसहारा मवेशी सड़क पर न दिखें।
क्या कहते हैं जुम्मेदार
'' ब्लाक के पंचायत प्रभारी शैलेन्द्र त्रिपाठी ने स्वीकार किया कि सफाई कर्मचारियों को सड़क पर घूम रहे बेसहारा मवेशियों को ले जाकर किसी गोशाला या सुरक्षित ठिकाने पर रखने को कहा गया है।'' '' नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील दुबे ने बताया कि प्राय: एक बार्डर से दूसरे बार्डर बेसहारा मवेशी खदेड़े जा रहे हैं सफाई कर्मचारी बॉर्डर व सड़क की रखवाली करने में लगाया गया है।