भाजपा संगठन महामंत्री ने भरा जोश और टटोली नब्ज
संवाद सहयोगी बांगरमऊ (उन्नाव) भाजपा विधानसभा सीट पर होने वाले चुनाव में कोई कसर नहीं
संवाद सहयोगी, बांगरमऊ (उन्नाव) : भाजपा विधानसभा सीट पर होने वाले चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। भाजपा के मंत्री पहले से ही विधानसभा क्षेत्र में जमे हैं, इसके साथ ही दो बार सीएम खुद आ चुके हैं। बुधवार रात भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने भी बांगरमऊ पहुंचकर कार्यकर्ताओं में जोश भरकर चुनावी नब्ज टटोली।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने चुनाव संचालन समिति के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर कार्यकर्ताओं से जानकारी ली। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है। वही पार्टी के लिए नींव की ईंट बनकर मजबूती देता है। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय नेताओं से भी चुनावी समर को लेकर विस्तार से समझा। बैठक में उन्होंने कहा कि दिन-रात मेहनत कर बूथ स्तर तक पहुंचकर सभी लोगों से मिलकर पार्टी की नीतियों को बताएं। कहा कि समय बहुत कम है। बस जरा सा जोर लगाना है। वहीं, विधानसभा में वक्फ मंत्री मोहसिन रजा ने नुक्कड़ सभाओं से पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगे। इस मौके पर प्रत्याशी श्रीकांत कटियार समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।