कृषि विधेयक, महंगाई व बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
जागरण टीम उन्नाव महंगाई बेरोजगारी कानून व्यवस्था कृषि विधेयक और किसानों व नवजवानों
जागरण टीम, उन्नाव : महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, कृषि विधेयक और किसानों व नवजवानों की समस्याओं के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत सोमवार को जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर धरना दिया। केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। नेताओं ने दोनों सरकारों को हर मोर्चे पर विफल बताया। धरना सभा के बाद तहसील में ही राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
पाटन में सपा सपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने धरना दिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में अपराध और अपराधी बेलगाम हैं, महिलाएं तक सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस तंत्र उगाही में लगा है। थाना तहसील ब्लाक कार्यालय भाजपा के कार्यकर्ता चला रहे हैं। धरना सभा को सपा नेता अरुण पटेल, जिला पंचायत सदस्य ओम प्रकाश यादव, अरविद पटेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र यादव आदि ने भी संबोधित किया। ग्यारह सूत्री मांग पत्र एसडीएम दयाशंकर पाठक को सौंपा। जिला मुख्यालय पर सदर तहसील के बजाय कलेक्ट्रेट गेट के बाहर धरना दिया गया। सपा नेत्री मनीषा दीपक , पूर्व महासचिव राजेश यादव, युवा सपानेता सोनी सिंह परिहार, राजेश मिश्र, विधानसभा अध्यक्ष रामबहादुर यादव, प्रशांत कटियार, सभासद शीबू, अल्पसंख्यक सभा अध्यक्ष मो. इस्माइल आदि ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की। पुरवा में पूर्व विधायक उदयराज यादव के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर धरना देकर एसडीएम को ज्ञापन दिया गया। पूर्व विधायक उदयराज यादव ने कहा कि क्षेत्र की दो लेन सड़क भ्रष्टाचार का शिकार बन गई। ब्लाक प्रमुख राजकुमार रावत, जिला उपाध्यक्ष सुनील रावत, विधानसभा अध्यक्ष आसिफ खान, इमरान खान, मोहिसिन खान, वैभव यादव, बब्बू बाजपेयी शामिल रहे। सफीपुर में पूर्व राज्यमंत्री सुधीर रावत के नेतृत्व में धरना देकर एसडीएम को ज्ञापन दिया गया। पूर्व मंत्री ने कहा कि इस सरकार ने सत्ता का नैतिक हक खो दिया है इसे बर्खास्त होना चाहिए। धरने को चेयरमैन नसीम अहमद,सपा विधानसभा अध्यक्ष मकसूद अली,उपाध्यक्ष अभिषेक कुशवाहा, जितेन्द्र कुशवाहा ने संबोधित किया। हसनगंज तहसील में सपा कार्यकर्ताओं में जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह, अनवर सिद्दीकी, योगेश यादव, धीरेंद्र ब्रम्हचारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए एसडीएम प्रदीप वर्मा को ज्ञापन दिया। बांगरमऊ तहसील में धरना देते हुए में सपा जिला महासचिव सुरेश पाल, पूर्व विधायक बदलू खां, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अर्जुन लाल दिवाकर, जिला पंचायत सदस्य बबलू यादव ने सरकार को कोसा।
.........
भीड़ होने पर भी बनी रही शांति
- सपा के प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा से पुलिस खासा चौकन्ना रही। सभी तहसीलों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इससे तहसीलों पर सपाइयों की भीड़ तो खूब हुई लेकिन सभी शांति बनाए रहे।