आरबीआइ में मैनेजर बन अभिषेक ने नाम किया रोशन
बाबू खेड़ा मजरे हरिश्चंद्र गांव के 24 वर्षीय अभिषेक सिंह ने भारतीय रिजर्व बैंक की सर्वोच्च परीक्षा में पूरे प्रदेश में पहले दूसरा स्थान हासिल किया फिर आरबीआई सांख्यकी और सूचना प्रबंधन विभाग (ग्रेड-बी) में मैनेजर पद पर चयनित होकर उन्नाव का नाम रोशन कर दिया। उनकी इस सफलता से परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं है।
संवाद सूत्र, भगवंत नगर (उन्नाव) : बाबू खेड़ा मजरे हरिश्चंद्र गांव के 24 वर्षीय अभिषेक सिंह ने भारतीय रिजर्व बैंक की सर्वोच्च परीक्षा में पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद आरबीआइ सांख्यिकी और सूचना प्रबंधन विभाग (ग्रेड-बी) में मैनेजर पद पर चयनित होकर उन्नाव का नाम रोशन कर दिया। उनकी इस सफलता से परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं है।
बाबूखेड़ा मजरे हरिश्चंदपुर निवासी गिरीश चंद्र के पुत्र अभिषेक सिंह की नियुक्ति सांख्यिकी और सूचना प्रबंधन विभाग आरबीआइ में मैनेजर पद पर हुई है। अभिषेक के पिता गिरीश चंद्र मुख्य फार्मेसिस्ट राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, ललितपुर में कार्यरत हैं, जबकि माता शर्मीला देवी गृहणी हैं। अभिषेक बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। केंद्रीय विद्यालय से हाईस्कूल और इंटर (विज्ञान) की परीक्षा उत्तीर्ण की। वहीं पांडिचेरी विश्वविद्यालय से इंटीग्रेटेड स्नातक एवं परास्नातक सांख्यिकी विषय में 95.3 प्रतिशत लाकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। साथ ही आल इंडिया लेवल पर होने वाली परीक्षा गेट 2018 (गणित) एवं गेट 2019 (सांख्यिकी) में 902 एवं 19 वीं रैंक हासिल की है। सांख्यिकी विषय से जूनियर रिसर्च फेलोशिप 2017 परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। मेधावी छात्रों को मिलने वाली इंस्पायर स्कालरशिप के लिए भी चयनित हुए हैं। सत्र 2018-2019 में दिल्ली विश्वविद्यालय में गेस्ट फैकल्टी सांख्यिकी विषय में कार्यरत रहे। हाल ही में इनका सांख्यिकी विषय में रिसर्च पेपर अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित भी हुआ है। अभिषेक के आरबीआइ में चयनित होने की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी है।