अखंड सौभाग्य के लिए सुहागिनों ने रखा वट सावित्री व्रत
सुलतानपुर जिले में फैलते कोरोना संक्रमण के बीच सुहागिनों ने अखंड सौभाग्य की कामना के लिए
सुलतानपुर: जिले में फैलते कोरोना संक्रमण के बीच सुहागिनों ने अखंड सौभाग्य की कामना के लिए शुक्रवार को वट सावित्री का व्रत रखा। हालांकि इस बार महिलाओं के सामने व्रत-पूजन के लिए लॉकडाउन के पालन की चुनौती भी थी। इसके चलते महिलाओं ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पूजन किया।
अखंड सौभाग्यवती रहने की कामना लेकर शुक्रवार सुबह से ही व्रती महिलाओं ने स्नान के बाद पवित्र जल का पूरे घर में छिड़काव किया। बांस की टोकरी में सप्त धान्य भरकर नगर कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, जिला अस्पताल आदि जगहों पर जाकर वट वृक्ष का पूजन किया। जल से वट वृक्ष को सींचकर उसके तने के चारों ओर कच्चा धागा लपेटकर परिक्रमा की। हालांकि लॉकडाउन की वजह से महिलाएं इस बार पारंपरिक तरीके से बरगद के पेड़ के नीचे पूजा करते समय शारीरिक दूरी का भी अनुपालन किया। अधिकतर महिलाओं ने घर पर ही प्रतीकात्मक वट वृक्ष की टहनी लगाकर ही पूजन विधि को पूरा किया।