शहर में बना दो हॉटस्पॉट जोन, चौदह तक लॉकडाउन
बिना अनुमति के आवागमन नहीं होगा। वहीं नोडल अफसर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।
सुलतानपुर : शहर में अब दो हॉटस्पॉट जोन बना दिया गया है। इसके चारो तरफ 250 मीटर की परिधि में प्रशासन ने वफर जोन घोषित किया है। इन क्षेत्रों में लॉकडाउन को 14 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया गया है। अलग-अलग हॉटस्पॉट जोन के लिए नोडल अफसरों को नामित किया गया है जो स्वच्छता से लेकर शारीरिक दूरी आदि नियमों का अनुपालन कराएंगे। साथ ही आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।
पहला हॉटस्पॉट जोन छह कंटेनमेंट क्षेत्र को मिलाकर बनाया गया है। इस जोन को कृष्णानगर से लेकर दरियापुर तक के आवास आएंगे। इस हॉटस्पॉट जोन का मुख्य केंद्र न्यू लाइफ लाइन हॉस्पिटल है। पंच रास्ता से दरियापुर रोड पर सिटी हॉस्पिटल तक मार्ग के दोनों ओर का पूरा क्षेत्र प्रतिबंधित माना गया है। यहां 22 संक्रमित मरीज हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता डीके अहिरवार को नोडल अफसर नामित किया गया है। वहीं दूसरा स्पॉट जोन घोषित कंटेनमेंट बाटा गली, मेजरगंज, घासीगंज, रुद्रनगर, गल्लामंडी, हनुमानगढ़ी, नाका, शाहगंज, मुरारीदास गली आदि को मिलाकर बनाया गया है। इसमें 37 कोरोना वायरस के रोगी हैं। यह क्षेत्र जीआईसी गेट से लेकर पोस्टआफिस शाहगंज चौराहा, बाटा गली, चौक घंटाघर, रुद्रनगर होते हुए तहसील कैंपस तक होगा। इस स्पॉट जोन के नोडल अफसर लोनिवि निर्माण खंड तीन के अधिशासी अभियंता आरके रजक बनाए गए हैं। जिलाधिकारी सी इंदुमती ने जारी आदेश में कहा है कि प्रत्येक सीलिग प्वाइंट पर पुलिस बल तैनात रहेगी। स्वच्छता व संक्रमितों की पहचान आदि कार्यक्रम घर-घर चलाए जाएंगे। गैस आपूर्ति के कर्मचारियों सहित अन्य कार्मिकों को पास निर्गत किए जाएंगे। बैरीकेडिग स्थल पर पुलिस के पास रखे रजिस्टर में आने-जाने वाले कर्मचारियों का नाम अंकित किया जाएगा।