मध्य रात्रि घर-घर जन्में कन्हैया, बजी बधैया
घर-घर कृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही। पूरे दिन भक्तगण अपने घरों में झांकियां सजाने में लगे रहे तो रात्रिकाल में होने वाले जन्मोत्सव की तैयारियों में श्रद्धालु महिलाएं धनिया की पंजीरी का प्रसाद बनाने में जुट गई थीं।
सुलतानपुर : श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम बुधवार को पूरे जनपद में सभी तरफ नजर आई। हर घर वृंदावन हो चला। अपने आराध्य की झांकी को सजाकर भक्तों ने अपने घर में जन्माष्टमी की खुशियां बिखेरने दी है। रात बारह बजते ही लोगों के घरों से जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालिकी के स्वर सुनाई दिए। घरों में ही भक्तों ने डीजे लगा भक्ति गीतों पर जमकर थिरके।
कोरोना के चलते हालांकि मंदिरों में इस बार विशेष आयोजन नहीं किए गए। जिसकी कमी भक्तों ने घर-घर प्रभु का जन्मोत्सव मनाकर पूरी कर दी। पूरे दिन भक्तगण अपने घरों में झांकियां सजाने में लगे रहे तो रात्रिकाल में होने वाले जन्मोत्सव की तैयारियों में श्रद्धालु महिलाएं धनिया की पंजीरी का प्रसाद बनाने में जुट गई थीं। सायंकाल होते ही घरों में अनुष्ठान आरंभ हो गये। रखी गई कन्हैया की डोल के सामने कलश स्थापना कर भक्तों ने पूजा-अर्चना की। गवैयों ने भजन-कीर्तन की धुन छेड़ी तो महिलाओं की टोली ने सोहर की स्वर लहरियां बिखेरीं। हर ओर से बजते घंटा-घड़ियाल तथा रात्रि में स्थान-स्थान पर हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण उल्लासमय हो चला था। नगर के चौक, मेजरगंज, शाहगंज, तिकोनिया पार्क, बढ़ैयावीर समेत ग्रामीणांचलों जयसिंहपुर, बगिया चौराहा, बल्दीराय, कादीपुर, विरसिंहपुर, बरौसा, लम्भुआ, कोइरीपुर आदि बाजारों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया।
भजन संध्या का हुआ आयोजन : विकास खंड प्रतापपुर कमैचा के बनकटवा रामगढ़ गांव में स्थित मां शीतला धाम भारद्वाज आश्रम में मंगलवार की रात जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान आयोजित भजन संध्या में अपने देश की मझधार में नैयया भारत में, फिर से आजा बलराम के भइया, कभी राम बनके कभी श्याम बनके आदि भजनों की प्रस्तुति पर भक्तों ने खूब ताली बजाई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कोरोना से बचने के लिए मास्क व शारीरिक दूरी का भी प्रयोग किया। कार्यक्रम में नीतेश द्विवेदी, पुनीत द्विवेदी, रामप्यारे, जितेंद्र, राजेश, अंकुर, संतोष अमनधर द्विवेदी आदि लोग मौजूद रहे।