हर व्यक्ति को मिले रोजगार के अवसर : राज्यपाल
विभिन्न योजनाओं के बारे में लोगों को चौपाल लगाकर जागरूक किया जाना किया जाना चाहिए। ताकि वह उसे अपनाकर परिवार की आय बढ़ा सके। इससे उनके घर में सुख समृद्धि आएगी।
सुलतानपुर : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि हर व्यक्ति को रोजगार का अवसर मिलना चाहिए। जरूरी नहीं कि सभी को नौकरी मिले। दूसरे क्षेत्र में भी लोग अपना कौशल दिखा सकते हैं। यदि उन्हें उसके उपयोग का वातावरण मिले तो उनके परिवार में सुख समृद्धि आ सकती है। उन्होंने बुधवार को पं. रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधा संपन्न बनाने के लिए आवश्यक वस्तुओं के वितरण समारोह में यह विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के बारे में लोगों को चौपाल लगाकर जागरूक किया जाना किया जाना चाहिए। ताकि वह उसे अपनाकर परिवार की आय बढ़ा सके। इससे उनके घर में सुख समृद्धि आएगी। राज्यपाल ने सामाजिक विकास के लिए समृद्ध लोगों की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हम विश्वविद्यालय व बड़े कालेजों पर ध्यान देते हैं, लेकिन शिक्षा क्षेत्र की सबसे छोटी इकाई आंगनबाड़ी को लेकर गंभीरता नहीं दिखाते। इस पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। यहां गरीब घर के बच्चे आते हैं। केंद्रों में नियमित रूप से आने के लिए उनके अंदर आकर्षण पैदा करना होगा। इस कार्य सबसे ज्यादा उपयोगी उनका प्रिय खेल हो सकता है। उन्हें खेल संसाधन उपलब्ध कराने होंगे। इसके माध्यम से बच्चों में अनुशासन, पढ़ाई के प्रति रुचि, बड़ों के आदर आदि संस्कार पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों को एक मां की तरह संभालती है। केंद्रों में बच्चों को आत्मनिर्भरता सिखाई जाती है। उन्होंने समाज को जोड़ने के लिए कार्पोरेट सोशल रेस्पोंसिबिलिटी (सीएसआर) के कार्य की प्रशंसा की। कहाकि सोलह सौ केंद्रों को तीस से पचास हजार रुपये का किट वितरित कराया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इसके सही उपयोग की सीख उन्होंने दी। इससे गणित, साइंस, कहानी आदि को सरलता से बच्चों को सिखाने में सहायता होगी।
गोद लिए गए आंगनबाड़ी केंद्र : डा. राम मनोहर लोहिया विवि से संबद्ध महाविद्यालयों ने दस आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लिया। उन्हें 45 हजार रुपये के किट उपलब्ध कराए। इसके लिए महाविद्यालय के प्रबंधकों को राज्यपाल की ओर से प्रमाणपत्र दिया गया। इसी कार्यक्रम में राज्यपाल ने जयसिंहपुर तहसील के कटरा चुग्घूपुर में बने राजकीय महाविद्यालय का लोकार्पण किया। ओडीओपी, आजीविका मिशन, पीएम आवास, मनरेगा, कृषि आदि के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। वृद्धा आश्रम को वाशिंग मशीन दी गई।
पारिजात का किया दर्शन : राज्यपाल ने पारिजात वृक्ष का दर्शन किया। पुष्प अर्पण व परिक्रमा कर अपनी आस्था व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट में समूह की महिलाओं से वार्ता और अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा की।