जिला पंचायत में सवा छह सौ पर्चो का परीक्षण
जिला पंचायत कार्यालय सहित विकास खंडों में
सुलतानपुर : जिला पंचायत कार्यालय सहित विकास खंडों में जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार को शुरू हो गई। जिला पंचायत कार्यालय में डीडीसी मेंबर के करीब सवा छह सौ पर्चाें का परीक्षण किया गया। शनिवार को भी शेष नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
आरओ जिला पंचायत सदस्य पद व डीएफओ आनंदेश्वर प्रसाद ने बताया कि दूसरे दिन वैध पर्चों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने जिपं कार्यालय पहुंचकर स्क्रूटनी कार्य का निरीक्षण किया। कार्मिकों को निष्पक्ष व पारदर्शी कार्य करने का निर्देश दिया। नामांकन पत्रों की जांच कराने आए लोगों का कहना था कि उन्हें जांच प्रमाण पत्र नहीं दिया जा रहा है। उनके नामांकन पत्रों के सही होने की जानकारी सिर्फ मौखिक दी जा रही है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 1255 (653 पुरुष, 602 महिला) पर्चे दाखिल किए गए हैं, जबकि ग्राम प्रधान, बीडीसी व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 29 हजार 388 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। इसमें 15 हजार 964 पुरुष व 13 हजार 424 महिलाओं ने पर्चा भरा है। कई ब्लाकों में जो लिस्ट दीवारों पर चस्पा की गई है, उसमें आवेदकों के नाम न होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। वे इधर-उधर भटकते नजर आए। जिला पंचायत कार्यालय में भी जांच प्रमाण पत्र नहीं दिया जा रहा था।
डीडीसी प्रत्याशी अर्चना सिंह के प्रस्तावक रामकुमार ने जब जांच कर रहे कार्मिक से प्रमाण पत्र मांगा और नियम का हवाला दिया तो उन्हें उसे उपलब्ध कराया गया। अखंडनगर में प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए जाने के बाद उन्हें सिर्फ मौखिक जानकारी देकर वापस किया जा रहा था। दीवार पर चस्पा सूची में कई आवेदकों के नाम नहीं मिले। वहीं भदैया, धनपतगंज, लम्भुआ, बल्दीराय सहित अन्य ब्लॉकों में स्क्रूटनी का कार्य सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक चलता रहा।