मतदान केंद्रों पर अव्यवस्था, अफसर मौन
कहीं चहारदीवारी नहीं तो कहीं टूटे पड़े रैंप
सुलतानपुर: विधानसभा का चुनाव नजदीक है, लेकिन मतदान केंद्रों पर समस्याओं की भरमार है। कहीं सड़क का अभाव है तो कहीं बिजली व्यवस्था बदहाल। चहारदीवारी विहीन मतदेय स्थलों की संख्या भी कम नहीं है। पेश है रमाकांत बरनवाल की रिपोर्ट..
प्राथमिक विद्यालय ककना भुआपुर को इस बार मतदान केंद्र बनाया गया है। केंद्र तक पहुंचने के लिए मार्ग नहीं है। वहीं, विद्यालय में लगा हैंडपंप अर्से से खराब पड़ा है। इस विद्यालय से सटकर मोबाइल टावर लगा है। कई बार इसे हटवाने की मांग प्रधानाध्यापक ने अधिकारियों से की, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला।
हींगुनगौरा प्राथमिक विद्यालय में बना बूथ रोड से सटकर है। विद्यालय में चहारदीवारी तक नहीं है। आए दिन कमरों के ताले टूटते रहते हैं। छाया की भी समुचित व्यवस्था नहीं है।
कस्बा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में निर्मित शौचालय क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अर्से से इनकी सफाई तक नहीं की गई है। रैंप भी टूटा हुआ है। इसे खंभे के सहारे रोका गया है। पेयजल की भी समुचित व्यवस्था नहीं है।
वर्जन:
तहसील के सभी मतदान केंद्रों व बूथों पर माकूल इंतजाम करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। जल्द ही खामियों को दूर कर लिया जाएगा। इसके बाद कहीं भी अव्यवस्था मिलने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-महेंद्र कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी
लोजपा जिलाध्यक्ष भाजपा में शामिल
सुलतानपुर: लोक जनशक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र गौतम ने भाजपा का दामन थाम लिया। मंगलवार को पयागीपुर स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष डा. आरए वर्मा एवं काशी क्षेत्र महामंत्री सुशील त्रिपाठी ने उन्हें सदस्यता दिलाई। किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गोविद तिवारी, सदस्यता अभियान के जिला संयोजक एलके दुबे, इंद्रजीत वर्मा, विजय सिंह रघुवंशी आदि उपस्थित रहे।