हथियारबंद डकैतों का धावा, लाखों की लूट
सुलतानपुर: कोतवाली देहात के सातनपुर गांव में शुक्रवार की रात आधा दर्जन सशस्त्र डकैतों ने एक घर पर धा
सुलतानपुर: कोतवाली देहात के सातनपुर गांव में शुक्रवार की रात आधा दर्जन सशस्त्र डकैतों ने एक घर पर धावा बोल दिया। कमरे में बंदकर दो महिलाओं को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। लाखों रुपये का सामान लूटकर भाग रहे डकैतों ने कई राउंड हवाई फायरिग भी की। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सातनपुर गांव में रतीपाल मिश्र अपनी पत्नी अशोका देवी, बड़ी पुत्र वधू मोनिका मिश्रा, छोटी पुत्र वधू पूजा, पुत्री विभा मिश्रा के साथ रहते हैं। रतीपाल के दोनों बेटे अनिरुद्ध व मिटू परदेश में रहते हैं। शुक्रवार की देर शाम खाना खाने के बाद रतीपाल व अशोका पास स्थित अपने नलकूप पर सोने चले गए। रात करीब ग्यारह बजे आधा दर्जन डकैत छत के रास्ते रतीपाल के मकान में दाखिल हो गए। लुटेरों ने मोनिका मिश्रा व पुत्री विभा मिश्रा के कमरे को बाहर से बंदकर दिया। छोटी बहू पूजा मिश्रा के कमरे में दाखिल हुए डकैत अटैची, लोहे का बक्सा व बैग लेकर जाने लगे। खटपट की आवाज से पूजा व आस्था जग गई और बदमाशों से भिड़ गई। जिससे बदमाशों ने पूजा व आस्था को हथौड़े व तमंचे की बट से पीट-पीटकर जख्मी कर दिया। भाग रहे डकैतों को रतीपाल ने दौड़ाया तो कई राउंड हवा में फायरिग की गई। गंभीर रूप से जख्मी पूजा व आस्था को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के मुताबिक डकैतों की संख्या छह से अधिक थी। अशोका देवी ने बताया कि पंद्रह हजार नगदी व जेवरात समेत करीब 3 लाख का सामान लूटा गया है। मौके पर पहुंचे देहात कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।