बर्फीली हवाओं ने झकझोरा, कांपा तन
छह डिग्री सेल्सियस पर पारा पहुंचा। तेज गति से पछुआ हवाएं चलीं।
सुलतानपुर : बर्फीली हवाओं ने एक बार फिर ठंड को बढ़ा दिया है। आलम यह है कि दिन में खिली तेज धूप के बाद भी हवाएं चलने से तन सिहर उठ रहा है। दो दिनों से चल रही ये हवाएं लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के चलते ऐसा हो रहा है।
सोमवार की देर शाम से सर्द हवाओं का शुरू हुआ सिलसिला मंगलवार को भी दिन भर जारी रहा। सुबह बदली छाई रही तो वहीं हवाओं ने गलन का एहसास कराया। ठंड से राहत पाने के लिए लोगों ने कागज के गत्ते को जलाकर राहत पाने की कोशिश की पूर्वाह्न 11 बजे के बाद निकली धूप ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी, मगर हवाओं के चलने से लोग ठिठुरते नजर आए। शाम होते ही लोग घरों में दुबक गए। हवाओं के चलने से तापमान में भी गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान लुढ़क कर छह डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं, अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उत्तर पश्चिम दिशा की हवाएं छह किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
ठंड से राहत के आसार नहीं :
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि आगामी एक सप्ताह तक पश्चिमी दिशा की हवा चलने से फिलहाल किसी राहत के आसार नहीं हैं। विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि हवाओं की दिशा और गति सर्दी में इजाफा कर रही है। उत्तर पश्चिम दिशा की हवा पर्वतीय क्षेत्र से आने के चलते कंपकपी को बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि बदली छाए रहने के बावजूद वर्षा की संभावना नहीं है।