पौधारोपण समारोह में आएंगे स्वास्थ्य मंत्री
वन महोत्सव के तहत आयोजित वृहद पौधारोपण कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
सुलतानपुर : वन महोत्सव के तहत पौधारोपण का वृहद कार्यक्रम रविवार को किया जाएगा। इसके तहत इस साल के लक्ष्य के अनुरूप 32 लाख 33 हजार 750 पौधे रोपे जाएंगे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व जिले के प्रभारी मंत्री जयप्रताप सिंह पौधारोपण समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम केएनआइटी परिसर में आयोजित किया जाएगा। पौधारोपण का लक्ष्य आवंटन विभागवार पहले ही किया जा चुका है। सभी विभाग ग्राम सभा से लेकर ब्लॉक मुख्यालय पर पौधारोपण कर इस कार्यक्रम में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। जिले की सभी 986 ग्राम पंचायतों में इस मौके पर वृहद पौधारोपण कराया जाएगा, जिसकी महीने भर से तैयारी की जा रही है। सर्वाधिक 19 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य कृषि विभाग को दिया गया है। वन विभाग 15 लाख, ग्राम्य विकास विभाग 11 लाख पौधे रोपेगा। कुल 23 विभागों को पौधरोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी आनंदेश्वर प्रसाद ने बताया कि बनाए गए नियंत्रण कक्ष पर हर घंटे पौधरोपण की जानकारी देने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।