सात पदों के लिए 36 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में कैद
अधिवक्ता संघ कार्यकारिणी का चुनाव कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मंगलवार को हुए मतदान में 1715 मतदाताओं में से 1566 ने वोट डाले।
सुलतानपुर : अधिवक्ता संघ कार्यकारिणी का चुनाव कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मंगलवार को हुए मतदान में 1715 मतदाताओं में से 1566 ने वोट डाले। कुल 91.31 फीसद मतदान हुआ। इसके लिए छह बूथ बनाए गए थे। प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटिका सील कर दी गई है। बुधवार को सुबह दस बजे बजे से सिविल कोर्ट स्थित संघ भवन में वोटों की गिनती की जाएगी।
मतदान सुबह दस बजे से गहमा-गहमी के बीच शुरू हुआ। प्रत्याशी व समर्थक सिविल कोर्ट के पूर्वी गेट से संघ भवन तक मतदाताओं को रिझाने के लिए अंतिम समय तक प्रयास करते रहे। दोपहर में हुई बारिश भी उनके जोश में खलल नहीं डाल सकी। निर्वाचन अधिकारी नागेंद्र सिंह व सहनिर्वाचन अधिकारी राकेश श्रीवास्तव पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस कर्मियों के साथ निगाह जमाए रहे। एल्डर्स कमेटी के सभी सदस्य व संचालन समिति के लोग सेंट्रल हाल से व्यवस्था की निगरानी करते रहे। शाम चार बजे तक वोट डालने की लाइन लगी रही। सीओपी परिचय पत्र को लेकर सभी बूथों पर सख्ती बरती गई। इसीलिए मतदान का समय 15 मिनट बढ़ा दिया गया, जिससे सभी ने बारी-बारी से मतदान किया। कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण निपट गया।
-
इस तरह पड़े वोट
बूथ संख्या एक-263
बूथ संख्या दो-288
बूथ संख्या तीन-274 (एक निरस्त)
बूथ संख्या चार-272
बूथ संख्या पांच-270
बूथ संख्या छह-200
-
ये हुए निर्विरोध, इनके बीच मुकाबला
सहसचिव पुस्तकालय के लिए महेशचंद्र तिवारी, आडिटर के लिए सदाशिव तिवारी तथा वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए हरीश्वर सिंह, अमरनाथ, मनोज कुमार सिंह व विजेंद्र कुमार द्विवेदी तथा कनिष्ठ कार्यकारिणी के लिए अजीत कुमार तिवारी, संजय प्रताप सिंह, विजय बहादुर व बलराम तिवारी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। वहीं अध्यक्ष पद के लिए छह प्रत्याशी, महासचिव पद के 13, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व कनिष्ठ उपाध्यक्ष के चार-चार, कोषाध्यक्ष के तीन, सहसचिव खुर्शीद क्लब के तीन व सहसचिव प्रशासन के लिए तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।