.. अब तक तीस फीसद वाहनों में नहीं लगा फास्टैग
सोमवार आज आधी रात से नियम लागू हो जाएगा। फास्टैग नहीं होने पर दोगुना टोल चुकाना पड़ेगा। फास्टैग बनवाने के लिए रजिस्ट्रेशन कागज आधार व पैन कार्ड जरूरी।
सुलतानपुर : ..अगर आपके वाहन में फास्टैग नहीं लगा है तो आपको निर्धारित दर से दो गुना धनराशि व्यय कर सफर करना पड़ेगा। टोल बूथ पर नए नियम के तहत यह व्यवस्था सोमवार आधी रात से लागू कर दी जाएगी। बहरहाल, अभी भी लगभग तीस प्रतिशत वाहनों के फास्टैग नहीं बन सके हैं।
लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग एन एच-731 पर असरोगा के पास टोल बूथ है। नए नियम के तहत 15 फरवरी की आधी रात के बाद टोल बूथ से गुजरने वाली गाड़ियों के लिए फास्टैग अनिवार्य कर दिया गया है। बिना फास्टैग लगा वाहन टोल बूथ से गुजर तो पाएगा। लेकिन, निर्धारित शुल्क से दोगुना चुकाना होगा। असरोगा टोल बूथ पर 16 लेन हैं। इसमें आठ आने व आठ जाने के लिए निर्धारित हैं। प्रतिदिन इस टोल बूथ से पांच हजार से ज्यादा वाहनों का आवागमन होता है।
सोमवार को बारह लेन पर ही था आवागमन :
असरोगा टोल बूथ पर सोमवार को केवल बारह लेन पर ही आवागमन था। इस संबंध में मैनेजर दशरथ सिंह ने बताया कि दो लेन वीआइपी के आवागमन के लिए है। बाकी पर कुछ तकनीकी खराबी है, जिसे ठीक कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टोल बूथ से प्रतिदिन लगभग 60 प्रतिशत वाहन फास्टैग वाले गुजरते हैं। वहीं, लगभग 30 फीसद वाहन अभी भी बिना फास्टैग के हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल प्लाजा पर चिकित्सीय सुविधा के बारे में मैनेजर ने बताया कि चौबीस घंटे डॉक्टर उपस्थित रहते हैं।
विभिन्न कंपनियां बना रहीं निश्शुल्क फास्टैग :
टोल बूथ पर वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए कई कंपनियां शिविर लगाकर निश्शुल्क फास्टैग बना रही हैं। इसके लिए गाड़ी का रजिस्ट्रेशन कागज, आधार व पैन कार्ड होना जरूरी है।
40 हजार के करीब पंजीकृत हैं वाहन :
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन माला वाजपेयी ने बताया कि जिले में तकरीबन 40 हजार चार पहिया वाहन पंजीकृत हैं। इनमें लगभग 11 हजार वाहन व्यावसायिक श्रेणी के हैं। शेष वाहन निजी हैं। वहीं, लखनऊ राजमार्ग के असरोगा स्थित टोल बूथ के प्रबंधक ने बताया कि इस रूट से गुजरने वाले लगभग 30 प्रतिशत वाहनों पर फास्टैग नहीं लगे हैं।