घर-घर में गूंजे मां कूष्माण्डा देवी की जयकारे
शारदीय नवरात्र के चौथे दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से देवी की पूजा-अर्चना की।
सुलतानपुर : कोरोना संक्रमण का देवी मां के भक्तों के ऊपर कोई असर नहीं दिख रहा है। नवरात्र में सबकुछ भक्तिमय हो गया है। देवी मंदिरों से लेकर घरों में मां के जयकारे गूंज रहे हैं। मंगलवार को चौथे दिन भक्तों ने मां कूष्माण्डा देवी की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। कतारबद्ध हो शारीरिक दूरी का पालन करते हुए सभी ने पूजन-अर्चन किया। इसके साथ कहीं दुर्गा सप्तशती का पाठ तो कहीं दुर्गा चालीसा का पाठ हो रहा है।
शहर के नैना माता मंदिर, सीताकुंड घाट स्थित देवी मंदिर, पल्टन बाजार स्थित काली माता मंदिर, गोमती नगर स्थित मां दुर्गा मंदिर समेत सभी देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों के आने का क्रम शुरू हो गया। विधि-विधान से पूजा-अनुष्ठान कर श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते रहे। वहीं, घरों में सुबह से ही घंटे-घड़ियाल के साथ मां के जयकारे लगते रहे।
मान्यता के अनुसार देवी का यह स्वरूप अपनी मन्द मुस्कान से अंड अर्थात ब्रह्मांड को उत्पन्न करने के कारण इन्हें कूष्माण्डा देवी के नाम से जाना जाता है। अत्यंत पवित्र और शांत मन से कूष्माण्डा देवी के स्वरूप को ध्यान में रखकर पूजा करनी चाहिए।
भक्तों ने लगाई हाजिरी : शहर से चंद किमी दूर स्थित सिद्ध पीठ लोहरामऊ देवी धाम पर मां के भक्तों ने हाजिरी लगाई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर मां का दर्शन किया। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर मंदिर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे। लोगों ने मेले का भी लुत्फ उठाया।