कोविड अस्पताल से फरार हुआ कोरोना पॉजिटिव कैदी
कोरोना संक्रमित मरीज चोरी के मामले में गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद उसका इलाज चल रहा था।
सुलतानपुर : गोसाईंगंज थानाक्षेत्र के फरीदीपुर-एल वन कोविड केयर सेंटर से एक कोरोना पॉजिटिव कैदी फरार हो गया। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग से लेकर पुलिस खेमे में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी कैदी नहीं मिला। पुलिस की कई टीमें आरोपित की तलाश में लगी हुई हैं।
20 अगस्त को पुलिस ने पड़ोसी जनपद अमेठी के गौरीगंज निवासी एक युवक को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। उसके पास से चोरी का सामान व असलहा भी बरामद किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को अस्थाई जेल में रखा गया था। नियम के अनुसार स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा उसका सैंपल लिया गया था। वीरबल साहनी इंस्टीट्यूट लैब लखनऊ से प्राप्त रिपोर्ट में उसे पॉजिटिव पाया गया। जिसके बाद दो अगस्त को उसे इलाज के लिए फरीदीपुर स्थित एल-वन अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। बुधवार तड़के करीब तीन बजे वह मौका पाकर फरार हो गया। कैदियों की गिनती में उसके न मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। थाना प्रभारी हरीराम यादव ने बताया कि डॉक्टरों व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की आवाजाही के चलते मुख्य द्वार खुला हुआ था। जिसका फायदा उठाकर वह भागने में कामयाब हो गया। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।