विवेचना में लापरवाही पर दी चेतावनी
जागरण संवाददाता सोनभद्र पुलिस लाइन सभागार में प्रभारी निरीक्षक थाना प्रभारियों व उपनिरीक्षक।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : पुलिस लाइन सभागार में प्रभारी निरीक्षक, थाना प्रभारियों व उपनिरीक्षकों की रविवार को हुई बैठक में विवेचना में देरी व लापरवाही करने वाले प्रभारियों को चेतावनी दी गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि 31 दिसंबर के पहले लंबित विवेचनाओं को हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय ओपी सिंह ने प्रभारियों व उपनिरीक्षकों की बैठक ली। इसमें 31 सितंबर 2020 से पहले पंजीकृत प्राथमिकी की समीक्षा की गई। जिन मामलों में आरोपित गिरफ्तार नहीं थे, उन्हें गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया। लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। विवेचकों को हिदायत दी गई कि वे अपने कार्य प्रणाली में सुधार लाए और लंबित मामलों की विवेचना कर आरोप पत्र तत्काल न्यायालय में दाखिल करें। थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि किसी न किसी मांग को लेकर जनपद में आंदोलन होते रहते है। आंदोलन पर रोक लगाने के लिए संबंधितों को जागरूक किया जाए। उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाए। मौजूदा समय में किसानों का आंदोलन चल रहा है। उनकी जो भी मांग है, उसके प्रति जागरूक कर आंदोलन को खत्म किया जाए।
पुलिस ने झारखंड सीमा पर की कांबिग
विढमगंज (सोनभद्र) : स्थानीय थाना क्षेत्र के झारखंड सीमा से सटेहरपुरा व बैरखड़ गांव के जंगलों में रविवार को पुलिस ने कांबिग कर सुरक्षा व्यवस्था का जाएजा लिया। दुद्धी क्षेत्राधिकारी रामाशीष यादव ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें जागरूक किया। इस मौके पर क्यूआइटी टीम एडीजी वाराणसी के प्रभारी संतोष कुमार सिंह, पीएसी बल व थानाध्यक्ष बृजमोहन सरोज मौजूद थे। किसान की समस्याओं के निस्तारण का दिया भरोसा
मधुपुर (सोनभद्र) : पुलिस चौकी सुकृत में रविवार को पुलिस ने किसानों की समस्या सुनी। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय ओपी सिंह ने संजीदगी से किसानों की समस्या सुनने के बाद उसके निस्तारण का भरोसा दिलाया। किसानों को धान बेचने में आ रही समस्याओं के निस्तारण का भी भरोसा दिलाया। इस मौके पर किसान सुदामा सिंह, दयाशंकर सिंह, पूर्व प्रधान बहादुर, राधेश्याम पटेल, गोपाल सिंह, सीताराम पटेल आदि उपस्थित थे।