दो दिन में दो घंटे की विद्युत आपूर्ति, आमजन बेहाल
कोन सब स्टेशन से संचालित कोन रामगढ़ पड़रक्ष हर्रा रोरवा नौडिहा बरवाडीह मिश्री चांचीकला नक्तवार आदि क्षेत्रो में मंगलवार से गुरुवार देर शाम तक कुल मिलाकर दो घंटे ही विद्युत आपूर्ति दी गई है। बिजली न आने के कारण जहां आमजन परेशान हैं तो वहीं किसानों को सिचाई के लिए पानी नहीं
जागरण संवाददाता, कोन (सोनभद्र) : कोन सब स्टेशन से संचालित कोन, रामगढ़, पड़रक्ष, हर्रा, रोरवा, नौडिहा, बरवाडीह, मिश्री, चांचीकला, नक्तवार आदि क्षेत्रों में मंगलवार से गुरुवार देर शाम तक कुल मिलाकर दो घंटे ही विद्युत आपूर्ति दी गई है। बिजली न आने के कारण जहां आमजन परेशान है तो वहीं किसानों को सिचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय शंकर जायसवाल ने अधिशाषी अभियंता से कोन की विद्युत आपूर्ति व दुर्व्यवस्था पर नाराजगी जताई। वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष ने बताया कि जो डाला से कोन सब स्टेशन की लाइन है। उसी लाइन पर कचनरवा सब स्टेशन को जोड़ दिया गया। इससे क्षेत्र में लो वोल्टेज व फाल्ट लगातार बना हुआ है। बताया कि सब स्टेशन के तहत आने वाले गांव का विद्युतीकरण वर्ष 1985 के करीब हुआ था। तब से लेकर अब तक तार का पूर्ण रूप से मरम्मत नहीं हुआ है। किसान बबलू, सम्पूर्ण नन्द, अशोक, राहुल ने कहा कि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो हम लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रतिक्रिया ..
कोन सब स्टेशन पर ओवरलोड के कारण लगातार फाल्ट आने की शिकायत मिल रही है। अवैध कनेक्शनधारियों की जांच के लिए व्यापक अभियान शुरू किया जाना है। इसके अलावा जहां-जहां फाल्ट आया है, उसे ठीक किया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
- शुभेंदु शाह, अधिशासी अभियंता, पिपरी।