सड़क पर खड़े वाहनों से लगा रहा जाम
ऊर्जाचल में यातायात व्यवस्था पूर्णतया चरमरा गयी है। मुख्य मार्ग पर दर्जनों जगह खराब वाहन सड़क के बीच में कई दिनों तक खड़े रहते है।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : ऊर्जाचल में यातायात व्यवस्था पूर्णतया चरमरा गई है। मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर खराब वाहन सड़क के बीच में कई दिनों तक खड़े रहते हैं। औड़ी से शक्तिनगर के बीच प्रतिदिन जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रहती है। यातायात माह के दौरान भी स्थानीय पुलिस पूर्णतया उदासीनता बरती हुई है। औड़ी से शक्तिनगर के बीच कई जगह मुख्य मार्ग पर खराब वाहन खड़े हैं। सड़क की पटरियों पर बेतरतीब वाहन सदैव खड़े रहते हैं। आए दिन जाम से परेशान लोग प्रशासनिक तंत्र को कोसते नजर आते है।
शक्तिनगर-अनपरा थाना मुख्य मार्ग पर ही स्थित है। लेकिन सड़कों पर अराजकता से किसी को सरोकार नहीं रहता है। जब भीषण जाम लग जाता है, तो सूचना देने पर पुलिस जाम को हटाती है। दिन-रात व्यस्त रहने वाला यह मार्ग इन दिनों प्रतिदिन घंटों जाम के झाम से जूझ रहा है। क्षेत्र में यातायात माह का जमकर माखौल उड़ाया जा रहा है। वाहन चेकिग का अभियान शुरू होने पर पुलिस महज कोटा पूरा करने के लिए कुछ वाहनों का चालान करती है। इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था, का अनुपालन नहीं होता है। जाम के दौरान लोगों को पैदल भी निकलना मुश्किल हो जाता है। जाम के दौरान जर्जर सड़क, पटरी पर गड्ढे व जमी धूल कोढ़ में खाज का काम कर रही है। यातायात माह में भी पुलिस की निष्क्रियता से लोगों में व्यापक रोष व्याप्त है।