उमस व गर्मी से लोगों की बढ़ी परेशानी
दिनोंदिन गर्म होते मौसम व भारी उमस के कारण आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। दिन तो दिन अब रात में भी लोगों को चैन नहीं मिल पा रहा है। हर दिन भीषण गर्मी के बीच बिजली विभाग की मनमानी के कारण आम लोग सांसत में पड़ गए हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.3 व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। रात में भी उमस भरी गर्मी में भी इजाफा होने से लोग परेशान हो चले हैं।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : दिनोंदिन गर्म होते मौसम व भारी उमस के कारण आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। दिन तो दिन अब रात में भी लोगों को चैन नहीं मिल पा रहा है। हर दिन भीषण गर्मी के बीच बिजली विभाग की मनमानी के कारण आम लोग सांसत में पड़ गए हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.3 व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। रात में भी उमस भरी गर्मी में भी इजाफा होने से लोग परेशान हो चले हैं।
भारी उमस व गर्मी के बीच लगातार मौसम में गर्माहट के कारण हर तबके के लोग परेशान हैं। ऊपर से बिजली विभाग द्वारा अनियमित पावर कट ने समस्या और बढ़ा दिया है। गांवों से लेकर शहर तक हर इलाके के लोग भीषण गर्मी से बचने के लिए बारिश की ताक में हैं। गुरुवार को भी उमस भरी गर्मी के बीच लोग परेशान दिखे। भीषण गर्मी के कारण सबसे अधिक परेशानी दिहाड़ी मजदूरों को उठानी पड़ रही है।
अस्पताल में बढ़ रही मरीजों की संख्या
भीषण गर्मी व उमस के बीच बीमारी बढ़ने लगी है। अस्पतालों में हाई फीवर तथा डायरिया से पीड़ित लोगों की संख्या में लगातार वृद्धि होती जा रही है। चिकित्सक धूप व गर्मी से बचने की सलाह तो दे रहे हैं, लेकिन बिजली की अनियमित आपूर्ति आम लोगों के लिए मुसीबत से कम नहीं है।
भीषण गर्मी में बिजली कटौती बनी मुसीबत
शहरी इलाकों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का दावा पूरी तरह से फेल हो गया है। हालत यह है कि अनियमित विद्युत आपूर्ति व पावर कट आम लोगों के लिए मुसीबत बन गयी है। शहरी इलाकों में दिन व रात में अचानक घंटा-दो घंटा के लिए किए बिजली काटे जाने के कारण हर तबके के लोग परेशान हैं। स्थित यह है कि गांवों को चौबीस में 10 घंटे की बिजली बमुश्किल मिल पा रही है। बिजली विभाग द्वारा किये जा रहे पावर कट तथा शहरी इलाके के दोनों फीडर में विद्युत आपूर्ति में किए जा रहे भेदभाव के कारण शहरी इलाके के लोग परेशान हैं।