दो सौ बेड के अस्पताल निर्माण को दस दिन का समय
लोढ़ी में जिला अस्पताल पास बन रहे 200 बेड के महिला एवं बाल कल्याण अस्पताल की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी सुबह के समय पहुंचे। वहां अधिकारियों ने एक-एक बिदु की पड़ताल की। कमी मिलने पर कार्यदायी संस्था को दस दिन का समय दिया गया। कहा कि दस दिन में सभी कार्य पूर्ण करके बताएं।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : लोढ़ी स्थित जिला अस्पताल पास बन रहे 200 बेड के महिला एवं बाल कल्याण अस्पताल की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी सुबह 11 बजे पहुंचे। वहां अधिकारियों ने एक-एक बिदु की पड़ताल की। कमी मिलने पर कार्यदायी संस्था को दस दिन का समय दिया गया। कहा कि दस दिन में सभी कार्य पूर्ण करके बताएं। पुन: निरीक्षण होगा और उसके बाद ही अस्पताल हस्तांतरित किया जाएगा।
सुबह के समय मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और सीएमओ डा. एसपी सिंह अस्पताल पहुंचे। सीएमओ ने बताया कि 200 बेड के अस्पताल को चालू करने के लिए कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में कार्यदायी संस्था एनबीसीसी ने कहा था कि अस्पताल पूरी तरह से बन गया है। उसे हैंडओवर करना है। इसलिए हैंडओवर लेने से पहले अस्पताल का जायजा लिया गया। पता चला कि उसमें ढांचागत व्यवस्थाओं की अभी कमी है। इस पर कंपनी के जिम्मेदार लोगों ने एक सप्ताह का समय मांगा। उन्हें दस दिन का समय दिया गया है। कहा गया है कि समय से कार्य पूर्ण करके अवगत कराएं। सीएमओ के मुताबिक अस्पताल में कुल पांच लिफ्ट लगे हैं। जिसमें महज दो को ही अभी चालू किया गया है। इसके साथ ही अंदर पानी सप्लाई का भी व्यवस्था ठीक नहीं है। इसके अलावा भी अन्य जो कमी मिली है उसे दूर करके अवगत कराने के लिए कहा गया है। बता दें कि उक्त अस्पताल के निर्माण में करीब 89 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं।