मॉडलों में दिखी बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा
राजकीय इंटर कालेज घोरावल परिसर में शुक्रवार को स्वच्छ पर्यावरण व स्वस्थ जीवन प्रबंधन विषय पर वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विज्ञान व प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश व जिला विज्ञान क्लब की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 400 छात्र छात्राओं ने मॉडल बनाकर सजाया। स्लोगन प्रतियोगिता चित्र के साथ स्लोगन व्याख्यान प्रतियोगिता में भाग लिया।
जासं, घोरावल (सोनभद्र): राजकीय इंटर कालेज घोरावल परिसर में शुक्रवार को स्वच्छ पर्यावरण व स्वस्थ जीवन प्रबंधन विषय पर वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम हुआ। विज्ञान व प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश व जिला विज्ञान क्लब के कार्यक्रम में करीब 400 छात्र छात्राओं ने मॉडल बनाकर सजाया। स्लोगन प्रतियोगिता, चित्र के साथ स्लोगन, व्याख्यान प्रतियोगिता में भाग लिया।
इसमें विज्ञान प्रदर्शनी व पर्यावरण के बारे में विस्तृत जानकारी देने की प्रतियोगिता में अनुराग सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। मॉडल प्रदर्शनी में महेश शुक्ला, औषधि युक्त पौधों की प्रदर्शनी में सीता, स्लोगन प्रतियोगिता में आकांक्षा ने बाजी मारी। इसी तरह चित्र के साथ स्लोगन में गुंजा, समाचार पत्र पत्रिकाओं की कटिग प्रतियोगिता में राशि ने पहला स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के वित्त एवं लेखाधिकारी मदन गोपाल कसेरा ने पुरस्कृत किया। विशिष्ट अतिथि घोरावल नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी चैतन्य कुमार तिवारी व भाजपा के जिला मंत्री कैलाश सिंह बैसवार उपस्थित रहे। अध्यक्षता जीआइसी के प्रधानाचार्य रामशरण द्विवेदी ने किया। इसमें भारतीय इंटर कॉलेज घोरावल, सोनांचल इंटर कॉलेज घोरावल, राजकीय हाईस्कूल हिनौती, राजकीय हाईस्कूल परसौना, राजकीय इंटर कॉलेज घोरावल, जंगबहादुर सिंह इंटर कॉलेज शाहगंज एवं स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल मरसड़ा के छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया। संचालन राजेंद्र प्रसाद प्रजापति ने किया।