भूमि पूजन के साथ जय सियाराम से गूंज उठा सोनांचल
सोनभद्र वर्षों के इंतजार के बाद जब भगवान राम के जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण के कार्यारंभ की घड़ी आई तो अयोध्या ही नहीं बल्कि सोनांचल में भी लोगों में उत्साह छा गया। हर कोई उत्साहित नजर आया। बुधवार की सुबह करीब 11 बजे से ही लोग अयोध्या में भूमि पूजन का सीधा प्रसारण देखने के लिए टीवी के सामने बैठ गए। वहां की एक-एक गतिविध को बड़े ही ध्यान से सुनते और बीच-बीच में भगवान राम का जयकारा लगता तो वह भी लगाते। जगह-जगह भजन-कीर्तन हुआ और मिठाई बांटी गई। राबर्ट्सगंज नगर में जब सभी लोग भूमि पूजन देखने लगे तो बाजार में सड़कों पर सन्नाटा छा गया।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : राम-राम, जय सियाराम, हर-हर महादेव व बजरंग बली की गूंज वैसे तो पिछले कई दिनों से जनपद के कमोबेश हर घर में थी लेकिन बुधवार की सुबह हर दिन से अलग रही। भगवान भाष्कर जहां अपनी दिव्यता प्रदान कर रहे थे वहीं लोगों के चेहरे पर अपने आराध्य श्रीराम के लिए मंदिर निर्माण भूमि पूजन देखने का भाव साफ प्रकट हो रहा था। सभी की नजरें अयोध्या पर अपलक निहार रही थीं। ताज्जुब तो तब हुआ जब प्रधानमंत्री अयोध्या पहुंचे। इसके साथ ही जिला मुख्यालय समेत विभिन्न नगरों की सड़कें कुछ समय के लिए सूनी पड़ गईं। थोड़ी ही देर में घरों में पूजन शुरू हो गए। जयकारे लगने लगे।
नगर पालिका राबर्ट्सगंज परिसर में भगवान राम की प्रतिमा रखकर पूजन किया गया। इसके बाद राम-जानकी मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर 51 किलो लड्डू का वितरण किया गया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र जायसवाल, भाजपा नेता अजीत रावत, अमन वर्मा, अभिषेक गुप्ता, राजन गुप्ता आदि मौजूद थे। इसी तरह सदर विधायक भूपेश चौबे के कैंप कार्यालय में रघुनंदन की आरती की गई। इसमें विनोद पटेल, संतोष शुक्ला, संजय जायसवाल, बलराम सोनी आदि मौजूद थे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने पीडब्ल्यूडी कालोनी के पास राम पूजनोत्सव कार्यक्रम किया। इस मौके पर हर्ष अग्रवाल, कीर्तन, नीतिन, पंकज, नीरज सिंह, कृष्ण मुरारी गुप्ता, सौरभ, पंकज आदि मौजूद थे। नई बस्ती में तुलसी मानस मंदिर में भजन-कीर्तन गाया गया। यहां मर्यादा पुरुषोत्तम राम की झांकी सजाई गई। इस मौके पर संस्थापक मिठाई लाल सोनी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, पुष्पा सिंह, निक्की सिंह, मीनू चौबे, कोमल पांडेय, मंजू गिरी आदि मौजूद थी। जिले में सतर्क रहा पुलिस-प्रशासन
जिस समय भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए भूमि-पूजन कार्यक्रम चल रहा था उस समय कहीं भी किसी तरह की अनहोनी न होने पाए इस लिए पुलिस-प्रशासन के लोग पूरी तरह से चौकन्ना रहे। जिलाधिकारी एस राजलिगम, पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने राबर्ट्सगंज नगर का भ्रमण किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस सतर्क रही।