साक्षी गर्ग ने यूपीएससी में हासिल की सफलता
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : आदिवासी बाहुल्य जनपद सोनभद्र के जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज की साक्षी गर्ग
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : आदिवासी बाहुल्य जनपद सोनभद्र के जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज की साक्षी गर्ग को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में सफलता मिली है। उन्होंने देश में 350 वीं रैंक हासिल की है। दिल्ली में रहकर तैयारी करने वाली साक्षी की शिक्षा-दीक्षा राबर्ट्सगंज के ही अलग-अलग स्कूलों से हुई है। शुक्रवार की शाम रिजल्ट आने के बाद से इन्हें व उनके परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लग गया।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष रतनलाल गर्ग के तीन पुत्रों में दूसरे पुत्र कृष्ण कुमार गर्ग की सबसे बड़ी बेटी साक्षी गर्ग ने दसवीं तक की शिक्षा नगर के ही संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से प्राप्त की। वर्ष 2010 में 76.1 फीसद अंकों के साथ उत्तीर्ण होने के बाद इन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई प्रकाश जीनियस इंटर कालेज से की। वर्ष 2012 में गणित विषय से पढ़ाई करते हुए 81.4 फीसद अंक हासिल किया। इसके बाद स्नातक की पढ़ाई इन्होंने राजकीय महिला डिग्री कालेज राबर्ट्सगंज से किया। इसमें कला संकाय से पढ़कर 61 फीसद अंक हासिल किया। वर्ष 2015 में स्नातक पूरा करने के बाद संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी में जुट गईं। पहली बार परीक्षा में बैठीं लेकिन सफलता नहीं मिली। वर्ष 2017 में पुन: परीक्षा दीं और 350 वीं रैंक मिली। महज 22 साल की उम्र में मिली इस सफलता से परिवार के लोग काफी खुश हैं। साक्षी के पिता कहते हैं आइएएस बनना तो मेरा खुद का सपना था। मगर जब मेरा सपना पूरा नहीं हुआ तो मैंने अपनी बेटी को इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उसने मेहनत किया और सफलता हासिल की।