मौसम साफ होने के बाद भी गलन बरकरार
जागरण संवाददाता सोनभद्र गत तीन दिनों से लगातार सोनांचल में धूप निकलने से लोगों ने राहत ।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : गत तीन दिनों से लगातार सोनांचल में धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। सोमवार को कई लोग घरों के बाहर धूप सेंकते हुए दिखाई दे रहे थे। मौसम का रूख बदल रहा है। किसी दिन कड़ाके की सर्दी तो किसी दिन धूप निकल रही। शाम के समय ठंड के प्रकोप ने लोगों को परेशान कर दिया। ठंड से जूझते लोगों के लिए अब अलाव ही सहारा बना है।
जिले में कुछ दिनों पूर्व हुई बारिश के बाद तापमान आठ से दस डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन शनिवार से धूप निकलने के चलते तापमान बढ़ने से पड़ रही ठंड से लोगों को राहत तो मिली है, लेकिन गलन ने मुश्किल बढ़ा दी। ठंड के प्रभाव से बचने को लोग गर्म वस्त्रों से जकड़ गए हैं। दोपहर में सर्दी कम होने से बाजार में भी रौनक लौटी है। सोमवार को दिन में धूप निकली, बावजूद इसके गलन बरकरार रही। इससे पूरे दिन लोग ऊनी कपड़ों में लिपटे रहे। हवाओं के चलते गलन भरी ठंड का अहसाह दि भर रहा। दिन में तो धूप निकली रही, लेकिन शाम होते ही ठंड ने अपना वेग दिखाया। ठंड से निजात पाने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
आसमान साफ देखकर किसान खुश हो गए हैं। वह अपने धान की फसल को जल्द से जल्द खलिहान से घर तक पहुंचाने में लगे हुए हैं। क्रय केंद्र पर भी किसान अपनी उपज को बेचने के लिए परेशान दिख रहे हैं। किसान राम सिंह, सुरेश, पंकज ने कहा कि अगर अब दोबारा बारिश हुई तो हम लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। क्योंकि अभी एक सप्ताह पूर्व ही बारिश हुई थी। अभी कई किसानों का धान खेतों में ही पड़ा है। बारिश होने के बाद धान की फसल खराब हो जायेगी। इसके अलावा खेत में अत्यधिक नमी होने के चलते बोआई भी नहीं हो पाई है।
जिला प्रशासन की तरफ से कंबल का नहीं हुआ वितरण
जिला प्रशासन द्वारा कड़ाके की ठंड के बावजूद कंबल वितरण में किए जा रहे विलंब से आमजन में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण रवींद्र, अशोक दुबे, श्रीप्रकाश शुक्ल आदि ने कहा कि प्रशासनिक अमले के लोग कंबल वितरण में सुस्ती दिखा रहे हैं। आरोप लगाया कि अपने लोगों को देखकर कंबल का वितरण किया जा रहा है। कहा कि अगर समय रहते कंबल का वितरण नहीं किया गया तो ठंड के बाद कंबल मिलने से कोई फायदा नहीं होगा।