धान खरीद में सबसे बड़ा रोड़ा बना पोर्टल
जिले में एक नवंबर से धान की खरीद शुरु हो गई है लेकिन आधा दर्जन इलाहाबाद बैंकों पर पीएफएमएस पोर्टल पर बैंक का नाम शो न करने से किसानों का आनलाइन पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। इससे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शासन ने जनपद में 112000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। धान की फसल तैयार होने में देरी के चलते अभी तक किसी भी क्रय केन्द्रों पर धान की खरीद शुरु नहीं हो सकी है।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : जिले में एक नवंबर से धान की खरीद शुरु हो गई है लेकिन, पीएफएमएस पोर्टल पर इलाहाबाद बैंक की छह शाखाओं का नाम प्रदर्शित नहीं होने से इससे जुड़े सैकड़ों किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। इससे क्षेत्र के किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शासन ने जनपद में 1,12,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है।
राबर्ट्सगंज, दुद्धी व घोरावल क्षेत्र में 65 क्रय केन्द्र खोले गए हैं।
सरकार ने 1815 रुपये प्रति क्विटल धान का मूल्य रखा गया है। लेकिन पब्लिक फाइनेंसियल मैनजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) पोर्टल पर चतरा, शिवद्वार, पुरना, मधुपुर, खैरपुर, सिलथम के इलाहाबाद बैंक शाखा का नाम नहीं शो कर रहा है। इससे इन क्षेत्रों के किसानों का धान खरीद के लिए पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। किसानों ने कहा कि कई बार से पंजीकरण कराने के लिए बैंक की दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन बैंक का नाम शो न करने से पंजीकरण नहीं हो रहा है।
बोले किसान कई बार हम आनलाइन पंजीकरण कराने के लिए इलाहाबाद बैंक की शाखा का चक्कर लगाए लेकिन, पोर्टल पर बैंक का नाम शो न करने से निराशा हाथ लगी है।
-देव चरन यादव, मधुपुर। शासन ने धान खरीद के लिए आनलाइन पंजीकरण जरूरी किया है। परंतु बैंक का नाम प्रदर्शित नहीं करने से पंजीकरण कराना मुश्किल हो गया है।
-राम अशीष, हरैया।
इलाहाबाद बैंक शाखा में आनलाइन पंजीकरण कराने की व्यवस्था ठप है। बैंक कर्मी हर रोज सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। इसे लेकर समस्याएं बढ़ रही हैं।
-श्याम सुंदर सिंह, मधुपुर नहर। क्षेत्र के अधिकांश किसानों का खाता इलाहाबाद बैंक में है लेकिन, पोर्टल पर बैंक का नाम न होने से पंजीकरण नहीं हो रहा है। सुधार नहीं हुआ तो खरीद नहीं हो सकेगी।
-सदानंद, झपरी।
बोले अधिकारी.. - जिले के चतरा, शिवद्वार, पुरना, मधुपुर, खैरपुर, सिलथम इलाहाबाद बैंक का नाम पीएफएमएस पोर्टल पर शो नहीं कर रहा है। इसके लिए शासन को पत्र लिखा गया है, एक दो दिनों के अंदर व्यवस्था में सुधार कर लिया जाएगा।
-देवेन्द्र सिंह, जिला विपणन अधिकारी।