एक भी बच्चा नहीं बता सका भारत के प्रधानमंत्री का नाम
विद्यालयों के निरीक्षण में अनुपस्थित मिलीं दो अध्यापिका
एक भी बच्चा नहीं बता सका भारत के प्रधानमंत्री का नाम
जागरण संवाददाता, बीजपुर (सोनभद्र) : खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर विश्वजीत ने शुक्रवार को कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो अध्यापिका अनुपस्थित मिलीं। बीईओ ने कंपोजिट विद्यालय बीजपुर का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय की दुर्व्यवस्था देख उन्होंने नाराजगी जाहिर की। बीईओ ने विद्यालय प्रांगण में घूम रहे बेसहारा जनवरों को लेकर विद्यालय प्रभारी को डांट लगाई। बीईओ ने बच्चों के पठन पाठन का भी जायजा लिया। कक्षा एक से आठ के बच्चे भारत के प्रधानमंत्री का नाम नही बता पाए।
बच्चों के पठन पाठन कमजोर की बाबत मौके पर अध्यापकों को बुला कर जमकर फटकार लगाई। कहा कि जब बच्चों को पढ़ना लिखना नही आता तो विद्यालय आने का क्या फायदा। विद्यालय में 12 अध्यापक हैं। विद्यालय प्रांगण में रखे करीब 35 क्विंटल खाद्यान को तत्काल बच्चों में वितरण करने को कहा। बच्चों के हैंडवाश न कराने को लेकर नाराजगी जताई। रसोइया ममता, सीता, फूलमती, कांति से भी बीईओ ने मिड डे मील की जानकारी लेकर उनका हौसला बढ़ाया।
रसोइयों ने बीईओ को अपना दर्द भी सुनाया। बीईओ विश्वजीत ने बताया कि तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया गया है। कंपोजिट विद्यालय जरहा में शिक्षिका शालू रानी अनुपस्थित पाईं गईं। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय जरहा में शिक्षिका आरती अनुपस्थित पाई गईं। जिन पर विभागीय कार्यवाही की जाएगी। नेमना विद्यालय पर सब सही मिला। सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को हिदायत दी गयी है कि टाइम टेबल बना कर ही बच्चों का पठन पाठन कराएं। बीजपुर विद्यालय में अध्यापकों में आपसी मनमुटाव को भी दूर किया गया है। सभी अध्यापकों को सख्त हिदायत दी गयी है कि समय से विद्यालय पहुंचे। ठीक 7:30 पर पठन पाठन शुरू होना चाहिए। लापरवाही कतई बर्दाश्त नही की जाएगी।