कैनवस पर सजा बेटी बचाओ व पढ़ाओ का संदेश
राबर्ट्सगंज नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बुधवार को चित्रकला रंगोली और वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। इसमें कालेज की कुल 3
जासं, सोनभद्र : राबर्ट्सगंज नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बुधवार को चित्रकला, रंगोली और वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। इसमें कालेज की कुल 388 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने पन्ने पर बालिका सशक्तीकरण से संबंधित तस्वीरों को उकेरा। कई ने निबंध में बेटियों की दास्तां को बयां किया तो इंटरमीडिएट की छात्राओं ने वाद-विवाद में बेटियों के सुंदर कारनामों की वकालत करके पुरस्कार जीता। तीनों प्रतियोगिता में कुल नौ छात्राओं को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत 20 से 26 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जीजीआइसी में हुई प्रतियोगिता में चित्रकला में कक्षा 11 की साक्षी दुबे को प्रथम स्थान मिला। 12वीं कक्षा की पूनम कुमारी व 10वीं की इशा शर्मा को तीसरा स्थान मिला। रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा दस की अंशु कुमारी को पहला स्थान मिला, जबकि नंदनी कुमारी और प्रति शुक्ला ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में इंटर की छात्राओं का दबदबा रहा। 11वीं कक्षा की छाया मोदनवाल ने बेटियों का मजबूत पक्ष रखा। इस लिए पहला स्थान दिया गया। वहीं उसी कक्षा की पूनम गौतम और सपना सोनी को दूसरा व तीसरा स्थान मिला।
जिला प्रोबेशन अधिकारी डा. अमरेंद्र पौत्स्यायन व प्रधानाचार्य वंदना सिंह ने छात्राओं को पुरस्कृत किया। डीपीओ ने बताया कि प्रतियोगिता का थीम सेव गर्ल रहा। छात्राओं ने बालिका सशक्तीकरण से संबंधित रंगोली व चित्र बनाया। वाद-विवाद में भी छात्राओं ने बेटियों के पक्ष को मजबूती से रखा। इस मौके पर महिला कल्याण अधिकारी नीतू यति के साथ ही सपना मिश्रा, सीमा द्विवेदी, चंदा मिश्रा, दीपिका आदि मौजूद थीं। रैली निकालकर किया जागरूक
बीजपुर/वैनी : बुधवार को जरहां क्षेत्र के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की रैली निकाली गई। क्षेत्र के महुली, जलजलिया, अनजानी, जरहां, बीजपुर, डोडर, नेमना, सिदूर आदि स्थानों पर शिक्षकों एवं बच्चों द्वारा विभिन्न मजरों और चौराहों पर रैली निकालकर लड़कियों को शिक्षित करने का संदेश दिया गया। इस मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक संध्या सिंह, सुमन वर्मा, राकेश जायसवाल आदि मौजूद थे। इसी तरह वैनी क्षेत्र के दुबेपुर में उच्च प्राथमिक एवं प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रैली निकाली गई। इस मौके पर अरविद पांडेय, आलोक कुमार सिंह, जीतलाल, प्रिया देवी आदि मौजूद थे।