सोनांचल का पारा 42 के पार
सोनांचल में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। 24 घंटे के अंदर जिले के अधिकतम तापमान में ढाई डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। बुधवार को जिले कि अधिकतम तापमान जहां 42.6 डिग्री दर्ज किया गया तो वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री रहा।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : सोनांचल में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। 24 घंटे के अंदर जिले के अधिकतम तापमान में ढाई डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। बुधवार को जिले कि अधिकतम तापमान जहां 42.6 डिग्री दर्ज किया गया तो वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री रहा। एक दिन में तापमान में हुई बढ़ोतरी से जन-जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान जहां 22.5 डिग्री दर्ज किया गया तो वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री था।
गर्मी दिन प्रतिदिन अपने पूरे शबाब में आता जा रहा है। बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री पहुंच गया। वहीं तेज पछुआ हवा के कारण दोपहर में लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया था। दिन चढ़ते ही एक ओर जहां सूर्य की तपिश बढ़ रही थी। वहीं दूसरी ओर पछुआ हवा लोगों को परेशान कर रहा था। अप्रैल समाप्ति की ओर है ऐसे में लू तथा गर्मी मौसम की स्वभाविक प्रक्रिया है। लेकिन जिस तरह से दिन प्रतिदिन इसका प्रकोप बढ़ रहा है आने वाले दिनों में यह और अधिक प्रभावित कर सकता है। जानकार बताते हैं कि पारा में और अधिक इजाफा आएगा। अभी तो मौसम की शुरूआत ही हुई है। तेज लू तथा गर्मी के कारण जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लू से बचने के लिए लोग अपना चेहरा ढककर चल रहे हैं। इस मौसम में एक ओर जहां लोगों की परेशानी बढ़ गई है वहीं शीतल पेय पदार्थों की बिक्री काफी बढ़ गई है। ककरी तथा खीरे की बिक्री में भी तेजी आई है। गर्मी के कारण कुछ ही देर में लोगों की हलक सुखने लगती है। शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए पेय पदार्थों की जरूरत महसूस होने लगती है। हालांकि लोग घर से निकलते समय साथ में पानी लेकर जरूर निकल रहे हैं।