Move to Jagran APP

पूरे दिन नहीं हुई धूप, ठंड बढ़ने से ठिठुरे लोग

जागरण संवाददाता सोनभद्र सोनांचल में नवंबर महीने के आखिरी सप्ताह में ठंड का असर तेजी ।

By JagranEdited By: Published: Fri, 27 Nov 2020 06:03 PM (IST)Updated: Fri, 27 Nov 2020 10:27 PM (IST)
पूरे दिन नहीं हुई धूप, ठंड बढ़ने से ठिठुरे लोग
पूरे दिन नहीं हुई धूप, ठंड बढ़ने से ठिठुरे लोग

जागरण संवाददाता, सोनभद्र : सोनांचल में नवंबर महीने के आखिरी सप्ताह में ठंड का असर तेजी से दिखने लगा है। शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने से पूरे दिन लोगों को भगवान भास्कर का दर्शन नहीं हो सका। अधिकतम तापमान में चार व न्यूनतम में दो डिग्री की गिरावट होने के चलते लोग सर्दी से कांपते रहे। राब‌र्ट्सगंज नगर समेत अन्य जगहों पर लोग अलाव तापकर ठंड से बचाव करते हुए दिखाई दिए। वहीं दूसरी तरफ आसमान में छाए बादल के चलते किसानों को बारिश का भी डर सता रहा है।

loksabha election banner

गुरुवार को धूप व छांव दोनों का दौर चलता रहा, वहीं शुक्रवार को तो पूरे दिन सूर्य का दर्शन तक नहीं हो सका। इससे लोग दिन भर ऊनी कपड़ों से ढके रहे। बीत चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा, न्यूनतम पारा 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। अधिकतम आ‌र्द्रता 45 व न्यूनतम 90 फीसद दर्ज की गई। कृषि मौसम वैज्ञानिक विनीत यादव ने बताया कि आगामी पांच दिनों में शनिवार को आंशिक रूप से बदली और बाकी दिन मौसम साफ रहने के साथ बारिश नहीं होने की संभावना है। हवा की दिशा दक्षिणी-पूर्वी रहने के साथ गति चार से पांच किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। इस बीच न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। कहा कि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से आगे और गलन बढ़ने के आसार दिख रहे हैं। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना जताई है। बारिश होने से किसानों को होगा नुकसान

जिले में पिछले दो दिनों से आसमान में बादलों के डेरा जमाने से किसानों को बारिश का डर सता रहा है। किसानों की अभी करीब 40 फीसद फसल खेतों में पड़ी हुई है। ऐसे में अगर बारिश होगी तो उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है। खेत में नमी होने के चलते रबी की फसल भी प्रभावित हो सकती है। वहीं क्रय केन्द्रों पर धान बेचने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली लेकर खड़े किसानों को भी धान भीगने की चिता सता रही है। नगर में 12 जगहों पर जलाए जा रहे अलाव

ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राब‌र्ट्सगंज नगर पालिका प्रशासन की तरफ से 12 जगहों पर अलाव जलाया जा रहा है। नगर पालिका ईओ प्रदीप गिरी ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के बढ़ौली चौक, धर्मशाला चौक, चंडी होटल, मेन चौक, रामलीला गेट, गोवंश आश्रय स्थल, गल्ला गोदाम, रोडवेज, रेलवे क्रासिग बस स्टैंड, शेल्टर होम समेत कुल 12 सार्वजनिक जगहों पर अलाव दो दिनों से जलाया जा रहा है। अभी ठंड बढ़ेगी तो और भी जगहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाएगी। फसल को सुरक्षित स्थान पर रख रहे किसान

जागरण संवाददाता, रामगढ़ (सोनभद्र) : क्षेत्र में सुबह से ही बादल छाने से किसान अपने फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखना शुरु कर दिए हैं। हाड़-तोड़ मेहनत से धान की फसल तैयार करने वाले किसानों की 35 फीसद से ऊपर फसल खेत व खलिहान में रखी है। बारिश की संभावना को देखते हुए उसको सुरक्षित रखने का इंतजाम कर रहे हैं। अभी करीब एक सप्ताह हुए बारिश से जहां धान की फसल को व्यापक तौर पर नुकसान पहुंचा था वहीं शुक्रवार सुबह से मौसम में परिवर्तन को देखते हुए किसान अपनी पैदावार को बचाने में लगे हुए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.