झिगुरदह मंदिर दर्शन को जा रहे भक्तों का वाहन पलटा
शुक्रवार की अपराह्न झिगुरदह स्थित पहाड़ी वाले हनुमान मंदिर पर जीप से दर्शन-पूजन के लिए जाते समय चढ़ाई पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
जागरण संवाददाता, अनपरा (सोनभद्र) : झिगुरदह पहाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में शुक्रवार को दर्शन-पूजन करने जा रहे भक्तों का वाहन चढ़ाई पर चढ़ते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं को उपचार हेतु नेहरू चिकित्सालय भेजा। इससे मौके पर हड़कंप मच गया।
खड़िया राजा परसवार निवासी एक परिवार के लोग मन्नत पूरा होने पर शुक्रवार को झिगुरदह हनुमान मंदिर पर वाहन से दर्शन-पूजन व प्रसाद चढ़ाने जा रहे थे।
कहुआनाला से आगे बिछड़ी गांव के समीप लट्टा घाट के आगे मंदिर जाने वाले चढ़ाई पर जब वाहन गुजरने लगा। उसी दौरान वाहन चढ़ाई पर पीछे की ओर ढुलकने लगा, जिससे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों व राहगीरों के सहयोग से वाहन को मार्ग से हटाया। गंभीर रूप से घायल कलावती देवी (36) पत्नी उदय प्रताप, आरती देवी (34) पत्नी जगजीवन, किस्मत देवी (55) पत्नी रामनिवास, पुष्पा देवी (36) पत्नी विजय को उपचार हेतु नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया। वाहन में रखे गए प्रसाद बनाने की खाद्य सामग्री व बर्तन चारों तरफ बिखरे रहे। मौके पर काफी भीड़ उमड़ी रही और अफरा-तफरी की स्थिति रही।