चोपन व रेणुकूट अध्यक्ष पद के लिए चार नामांकन
जिले के दोनो नगर पंचायतों में होने वाले उप चुनाव में बुधवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। जहां चोपन नगर पंचायत चुनाव में सदर तहसील में पूर्व अध्यक्ष इम्तियाज अहमद की पत्नी फरीदा बेगम ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया तो वहीं रेणुकूट नगर पंचायत चुनाव में अपनी दावेदारी के लिए पूर्व अध्यक्ष अनिल सिंह व उनकी पत्नी ममता सिंह ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान सदर व दुद्धी तहसील में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र/दुद्धी : जिले के दोनों नगर पंचायतों में होने वाले उप चुनाव में बुधवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। जहां चोपन नगर पंचायत चुनाव में सदर तहसील में पूर्व अध्यक्ष इम्तियाज अहमद की पत्नी फरीदा बेगम ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया तो वहीं रेणुकूट नगर पंचायत चुनाव में अपनी दावेदारी के लिए पूर्व अध्यक्ष अनिल सिंह व उनकी पत्नी ममता सिंह ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान सदर व दुद्धी तहसील में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे।
चोपन नगर पंचायत उप चुनाव के लिए बुधवार को पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष स्व. इम्तियाज अहमद की पत्नी फरीदा बेगम ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान ब्लाक प्रमुख चोपन बबली, पूर्व ब्लाक प्रमुख डम्पू सिंह समेत सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे। इम्तियाज अहमद की पत्नी फरीदा बेगम ने कहा कि असमय मेरे पति की मौत से उनके अधूरे सपने को पूरा करने के लिए चुनाव मैदान में आई हूं, और उनके अधूरे सपने को पूरा करूंगी। बता दें कि नवम्बर 2017 में प्रदेश में नगर पंचायतों के चुनाव हुए थे। उस समय चोपन नपं से निर्दल उम्मीदवार इम्तियाज अहमद दूसरी बार नगर पंचायत के अध्यक्ष चुने गए। 25 अक्टूबर 2018 को इम्तियाज अहमद की हत्या कर दी गई, इसके बाद से यहां पर अध्यक्ष का पद खाली था।
दुद्धी : तहसील मुख्यालय पर बुधवार को रेणुकूट नगर पंचायत के उप चुनाव के लिए जेल में निरुद्ध पूर्व अध्यक्ष अनिल सिंह की ओर से उनके अधिवक्ता विनोद चौबे ने प्रस्तावक के साथ जाकर दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके पूर्व उनकी पत्नी ममता सिंह ने दो सेट में एवं एक अन्य उम्मीदवार राजपति साहनी द्वारा भी नामांकन किया गया। इस दौरान परिसर में सुरक्षा की चाक-चौबंद इंतजाम पुलिस प्रशासन द्वारा किया गया था। उपजिलाधिकारी सुशील कुमार यादव एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय कुमार वर्मा स्वयं नजर बनाए हुए थे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी रमाकांत सिंह ने बताया कि रेणुकूट नगर पंचायत के उप चुनाव के लिए अब तक चार उम्मीदवारों द्वारा नामांकन किया गया है। इसमें निशा सिंह एवं राजपति साहनी ने एक-एक सेट में तो अनिल सिंह एवं ममता सिंह ने दो-दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया है।