कांग्रेस बूथ स्तर पर लड़ेगी चुनाव, मुद्दे होंगे स्थानीय
जागरण संवाददाता सोनभद्र कांग्रेस बूथ स्तर पर चुनाव लड़ेगी। चुनाव में स्थानीय मुद्दे प्रमुख होंगे
जागरण संवाददाता, सोनभद्र: कांग्रेस बूथ स्तर पर चुनाव लड़ेगी। चुनाव में स्थानीय मुद्दे प्रमुख होंगे। पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को ध्यान में रखकर ही कार्यकर्ता कार्य करेंगे। चुनाव बाद स्थानीय कल कारखानों में यहां के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। यह बातें शुक्रवार को कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हाजी फरीद अहमद खां ने पार्टी के जिला कार्यालय पर पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसका वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। संगठन हित में संगठन के समस्त पदाधिकारियों को साथ लेकर विधानसभा चुनाव में जनपद सोनभद्र की चारों विधानसभा सीटों पर पूरे मन के साथ निष्ठा व ईमानदारी पूर्वक कार्यकर्ताओं के साथ कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव कुमार त्रिपाठी, राजेश द्विवेदी, जितेंद्र कुमार पासवान, विवेक सिंह, अमित चतुर्वेदी, कौशलेश पाठक, आकाश वर्मा आदि रहे।