केसारी में हाथियों का उत्पात, एक का आशियाना गिराया
छत्तीसगढ़ सीमा से सटे बभनी के केसारी गांव में गुरुवार की रात 1
जागरण संवाददाता, बभनी (सोनभद्र): छत्तीसगढ़ सीमा से सटे बभनी के केसारी गांव में गुरुवार की रात 18-20 की संख्या में हाथियों का झुंड अचानक आ गया। यहां घंटों उत्पात मचाया। एक किसान के घरों को ढहा दिया। वहीं घर में रखी खाद्य सामग्री भी खा गए। किसानों की फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचाया। हाथियों के उत्पात से लोगों में दहशत का माहौल है। रात-रात भर जागकर वन कर्मियों के साथ मिलकर हाथियों को खदेड़ने में ग्रामीण लगे हैं।
केसारी गांव निवासी दीपचंद के घर को ढहा दिया। वहीं बुधन, जसपाल और भागीरथ के फसलों को भी नुकसान पहुंचाया। हाथियों के इस उत्पात से गांव के लोग काफी भयभीत हैं। पूरी रात ग्रामीण डर से सो नहीं पा रहे हैं। लोग हाथियों की चिघाड़ सुनते ही अपने बच्चों के साथ घर छोड़कर दूसरे के घरों में रात गुजाने के लिए विवश हो गए हैं। छत्तीसगढ़ वन विभाग तथा यूपी वन विभाग के कर्मचारियों की नींद उड़ी हुई है। उधर, वन दरोगा हुकुम चंद अपने टीम के साथ, वनक्षेत्राधिकारी एएन मिश्रा अपने कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंच कर हाथियों को जंगल की ओर भगाने में लगे हुए हैं।
-
इन गांवों में उत्पात मचा चुके हैं हाथी
करीब 15 दिन से आए हाथियों के झुंड ने बभनी क्षेत्र के बिछियारी, करमघट्टी, नवाटोला, मगरमाड़, नवाटोला, सेमरिया गांवों में अब तक दर्जनों किसानों की फसल नुकसान कर चुके हैं। इसके अलावा दर्जनों लोगों के घर को भी ढहा दिया है। छत्तीसगढ़ सीमावर्ती गांव केसारी में गुरुवार को रात मे हाथियों का झुंड गाव मे घुस गया और फसल चौपट करने के साथ ही एक का मकान ढहा दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने किसी तरह हाथियों को गांव से बाहर भगाया। टीम हाथियों पर नजर बनाए हुए है।