80 केंद्रों पर आज से धान खरीदेंगी आठ क्रय एजेंसियां
जागरण संवाददाता सोनभद्र इस वर्ष शुरूआत में अच्छी बारिश और समय से रोपाई के कारण धान क
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : इस वर्ष शुरूआत में अच्छी बारिश और समय से रोपाई के कारण धान की पैदावार अच्छी है। हर वर्ष एक नवंबर से होने वाली खरीद इस बार 15 अक्टूबर से ही कराई जानी है। इसकी तैयारी बुधवार की शाम तक पूर्ण कर ली गई। सभी क्रय केंद्र प्रभारियों के साथ बैठक करके कोविड-19 नियमों के तहत खरीद कराने का निर्देश दिया गया। इस बार आठ क्रय एजेंसियों द्वारा 80 केंद्रों पर खरीद दी जाएगी। 28 फरवरी तक निर्धारित अवधि में एक लाख 15 हजार टन की खरीद की जानी है।
जून के महीने में समय से बारिश के कारण किसानों ने नर्सरी डाल दी थी। जुलाई में अच्छी बारिश हुई तो जिले के करीब 35 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की रोपाई भी हुई। जिले में धान की फसल नवंबर के महीने में तैयार होती है, लिहाजा शासन ने यहां एक नवंबर से खरीद का समय निर्धारित किया था। बाद में आए प्रमुख सचिव के पत्र में कहा गया कि खरीद का समय एक नवंबर की जगह 15 अक्टूबर रखा जाए। यानी 15 से ही खरीद शुरू कर दी जाएगी। उसी के अनुसार जिला प्रशासन ने 80 केंद्रों का निर्धारण किया। क्रय केंद्रों पर पारदर्शिता रहे इस लिए क्रय केंद्रों की जियो टैगिग भी की गई है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सभी तैयारी कर ली गई है। जिले में करीब 10 लाख बोरे हैं। खरीद के लिए सभी केंद्रों पर एक-एक तौल मशीन लगायी जाएगी। वहां सैनिटाइजर या हाथ धाने के लिए साबुन रखी जाएगी। किसानों को किसी तरह की दिक्कत न हो इस लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। दस हजार किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। उन्हें टोकन भी आनलाइन मिल रहा है। सबसे ज्यादा पीसीएफ के होंगे केंद्र
इस बार सबसे ज्यादा धान की खरीद के लिए साधन सहकारी समितियों के केंद्र बनाए गए हैं। खाद्य निगम के 16 क्रय केंद्र और पीसीएफ के 40 केंद्र बनाए गए हैं। इसी तरह भारतीय खाद्य निगम यानी एफसीआइ का महज एक केंद्र राबर्ट्सगंज मंडी समिति में बनाया गया है। कर्मचारी कल्याण निगम, एनसीसीएफ व पीसीयू के पांच-पांच व नैफेड व यूपी एग्रो के चार-चार केंद्र बनाए गए हैं। समान्य धान 1868 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद होनी है।
कंट्रोल रूम का नंबर :
7839565092
8423740554