अलाव जलाने के लिए उठाई आवाज
जागरण संवाददाता सोनभद्र समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय पर बुधवार।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय पर बुधवार सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान चेतावनी दी कि पालिका प्रशासन की तरफ से जल्द अलाव नहीं जलाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि जनपद में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। बावजूद अभी तक राबर्ट्सगंज नगर के सार्वजनिक जगहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। कहा कि रैन बसेरा, रोडवेज स्टैंड, बढ़ौली चौक, शीतला चौक, रेलवे स्टेशन समेत नगर के सभी सार्वजनिक जगहों पर अलाव जलाया जाना चाहिए। कहा कि ठंड के चलते राहगीर, रिक्शा चालक, दिहाड़ी मजदूर, फुटपाथ पर जीवन यापन करने वाले भी ठंड से परेशान हैं। इसके बावजूद जनप्रतिनिधि जनहित जैसी समस्याओं पर मौन दिख रहे हैं। कहा कि अगर नपा की तरफ से जल्द अलाव नहीं जलाया तो सपा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। सपा नेता मनीष त्रिपाठी व विष्णु भारती ने कहा की जनप्रतिनिधि केवल जनता का शोषण कर रहे हैं। उनको जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं रह गया है। इसमें गोपाल गुप्त, सोनू यादव, सुरेश अग्रहरि, हीरा सोनकर, बबलू सोनकर, संतोष सोनकर, मंदीप पटेल आदि थे।
ठंड का असर तेज
जिले में लगातार न्यूनतम तापमान गिरने से ठंड का असर तेज होता जा रहा है। सुबह व शाम गलन होने से सबसे अधिक परेशानी दिहाड़ी मजदूरों व रिक्शा चालकों को उठानी पड़ रही है। राबर्ट्सगंज नगर निवासी अभय, राजू पांडेय आदि ने बताया कि सार्वजनिक जगहों पर अलाव जलाया जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके।