यातायात में बाधक बने घर को गिराया
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बढ़ौली चौराहे पर यातायात व्यवस्था में बाधक बने एक घर को पुलिस-प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बुधवार को गिरवा दिया। यहां जेसीबी लगाकर आगे वाले हिस्से को तोड़ा गया। इस दौरान जिसका घर तोड़ा जा रहा था वे लोग आक्रोशित दिखे। इस दौरान मलबा इधर-उधर फैलने के कारण जाम की स्थिति बनी रही।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बढ़ौली चौराहे पर यातायात व्यवस्था में बाधक बने एक घर को पुलिस व प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बुधवार को जमींदोज कर दिया। भवन के आगे वाले हिस्से को जेसीबी लगाकर तोड़ा गया। इस दौरान जिसका घर तोड़ा जा रहा था वे लोग आक्रोशित दिखे। कार्रवाई के दौरान घर का मलबा इधर-उधर फैलने के कारण जाम की स्थिति बनी रही।
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चंडी तिराहे से लेकर अमिरती कालोनी तक तीन किलोमीटर का फ्लाईओवर बनवाया गया। ऐसा इस लिए किया गया ताकि दुर्घटनाएं न हों। लेकिन जगह-जगह विवादित भूमि, विवादित घर होने के कारण नीचे बनने वाला सर्विस लेन पूरा नहीं हो सका। कार्यदायी संस्था चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रही थी। बढ़ौली चौक पर स्थित एक मकान मालिक द्वारा न्यायालय में वाद दाखिल किया गया था। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो वाद निस्तारित होने के बाद नापी करायी गई। नापी में आने वाले हिस्से को तोड़ने की नोटिस भी संबंधित को दी गई थी। उन्हें अपना सामान अलग कर लेने के लिए भी निर्देश दिया गया था। उसी क्रम में प्रशासनिक टीम ने बुधवार को जेसीबी मशीन मंगाकर विवादित स्थल पर बने मकान के हिस्से को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान आमजन की भारी भीड़ मुख्य मार्ग पर जमा हो गई थी। कुछ लोग इस कार्य की सराहना भी करते हुए देखे गए। उनका कहना था कि अब दुर्घटनाएं भी कम हो जाएंगी। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम सदर यमुना धर चौहान, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी, कोतवाली प्रभारी मिथिलेश मिश्र आदि मौजूद थे।