50 क्विंटल धान बेचने के प्रतिबंध को हटाने की मांग
जागरण संवाददाता मधुपुर (सोनभद्र) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय दोगुनी।
जागरण संवाददाता, मधुपुर (सोनभद्र) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय दोगुनी करने का तमाम प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बिचौलिया व जिला प्रशासन की अनदेखी के चलते किसान परेशान दिख रहा है। किसानों ने जिला प्रशासन से 50 क्विंटल धान बेचने का प्रतिबंध हटाकर पूरी फसल खरीदने की मांग की। इस व्यवस्था को लेकर किसानों में आक्रोश देखा जा रहा है।
क्षेत्रीय किसान सीताराम पटेल, श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि व्यापारियों की तरफ से किसानों धान 12 रुपये प्रति किलो लिया जा रहा है। वहीं धान क्रय केंद्रों की अव्यवस्था खराब होने के चलते किसान अपने मेहनत की कमाई का उचित मूल्य पाने से वंचित हैं। शासन की तरफ से आए दिन तरह-तरह के नियम में बदलाव करने से किसान परेशान नजर आ रहा है। किसानों का बड़े पैमाने पर शोषण करके प्रधानमंत्री मोदी की योजना की धज्जियां उड़ाई जा रही है। किसान राम आशीष मौर्य व जयप्रकाश सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन को 50 क्विंटल धान बेचने का प्रतिबंध हटा कर किसानों का पूरा धान खरीदा जाए। कहा कि किसान खेती पर ही निर्भर होकर बच्चों की पढ़ाई, दवाई व विवाह करता है। इतनी मेहनत के बाद उसके उपज का मूल्य नहीं मिलने से किसान आत्महत्या करने को विवश होंगे।