प्रेम प्रसंग में युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर
जागरण संवाददाता बभनी(सोनभद्र) थाना क्षेत्र के नधिरा गांव में शुक्रवार की सुबह प्रेम प्रसंग को
जागरण संवाददाता, बभनी(सोनभद्र): थाना क्षेत्र के नधिरा गांव में शुक्रवार की सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी गई। इससे युवक को पैर, आंख, जबड़ा पर गंभीर चोट आई है। नधिरा गांव निवासी देवानंद (25) पुत्र शंखलाल घायल अवस्था मे गांव के ही आश्रम बंधा के पास मिला था। घायल के भाई राम नरेश ने शनिवार की सुबह थाने में तहरीर देकर बताया कि देव नंदन गुरुवार की शाम घर से निकला था। शुक्रवार की सुबह पता चला कि भाई घायल अवस्था में पड़ा है। तब 100 डायल को लगाने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। आनन फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं जिस पर पिटाई का आरोप है उसने भी बभनी थाने में घायल देवतानंद के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में उसने आरोप लगाया है कि युवक काफी दिन से उसकी पत्नी को तंग करता था। चार दिन पूर्व युवक उसके ससुराल ओबरा गयी पत्नी से भी छेड़छाड़ किया था, जिसकी ओबरा थाना में पंचायत भी हुई थी। उसकी पत्नी ससुराल से घर आ रही थी तो उस युवक ने रास्ते मे भी परेशान किया, जिससे आजिज आकर उसकी पिटाई कर दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।