आसमान में बादलों का डेरा, किसान चितित
जागरण संवाददाता सोनभद्र ठंड के बीच मंगलवार को आसमान पर बादलों की घेराबंदी बढ़ गई।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : ठंड के बीच मंगलवार को आसमान पर बादलों की घेराबंदी बढ़ गई। बादलों की उपस्थिति व बारिश की आशंका से किसानों के माथे पर चिता की लकीरें फिर उभर आई हैं। इन दिनों की बारिश से फसलों को नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है अब बारिश नहीं होनी चाहिए। यदि बारिश होती है तो किसान बर्बाद हो जाएगा। इस बार फसलों पर मौसम की मार पड़ रही है। पल-पल मौसम का मिजाज बदल रहा है।
मंगलवार को पूरे दिन आकाश में काले-काले बादल उमड़ते रहे। बादलों को देख कर अन्नदाता की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। किसानों का कहना है इन दिनों की बारिश से नुकसान के सिवाए कोई लाभ नहीं होगा। बारिश के साथ उनके उम्मीदें भी बह जाएंगी। बताया कि खलिहान में पड़े धान की उपज के साथ-साथ सरसों की फसल भी इसके चपेट में आएगी क्योंकि इस समय सरसों की फसल में फलियां आ गई हैं। पौधे पर वजन बढ़ गया है। ऐसे में बारिश होती है तो सरसों की फसल चौपट हो जाएगी।
कई दिनों से जिले का न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे चल रहा था, लेकिन मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस वहीं अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार की सुबह जिले के कई क्षेत्रों में कोहरे की भी उपस्थिति रही। इससे प्रमुख मार्गों पर सुबह के वक्त वाहनों के रफ्तार भी कम रही। मौसम विभाग के अनुसार अभी एक-दो दिन तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। न्यूनतम तापमान में अभी गिरावट दर्ज किया जाएगा।