मधुघुटरा में कार के धक्के से बालक घायल
जागरण संवाददाता बभनी (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के रेणुकुट-अंबिकापुर मार्ग पर मधुघुटरा।
जागरण संवाददाता, बभनी (सोनभद्र) : स्थानीय थाना क्षेत्र के रेणुकुट-अंबिकापुर मार्ग पर मधुघुटरा में शुक्रवार को कार के धक्के से शेरू (10) पुत्र देवशरन घायल हो गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया है। बभनी थाना क्षेत्र के धनबहवा टोला निवासी शेरू पोखरा गांव में मानसिंह के घर रिश्तेदारी में गया था।
वहां से घर आते समय सड़क के किनारे खड़ा था। इसी दौरान रेणुकुट की ओर से आ रही कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी प्राथमिक उपचार के बाद शेरू को वाराणसी रेफर किया गया है।
आटो पलटी, बाल-बाल बचे यात्री
रामगढ़ (सोनभद्र) : राबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर पन्नूगंज थाना क्षेत्र में सोनवट पेट्रोल पंप के पास एक आटो शुक्रवार को अनियंत्रित होने के बाद पलट गई। संयोग अच्छा रहा कि उसमें बैठे आधा दर्जन यात्री बाल-बाल बच गए। कोई चोटहिल नहीं हुआ है। आटो की रफ्तार तेज होने के कारण घटना हुई है।
संदिग्ध हाल में युवक अचेत, अस्पताल में भर्ती
सोनभद्र : गुरमा पुलिस चौकी क्षेत्र में मारकुंडी निवासी 25 वर्षीय युवक शुक्रवार की सुबह अचेत हो गया।उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। चिकित्सकों ने कोई विषाक्त पदार्थ खाने की आशंका व्यक्त की है।
युवती को भगाने के मामले में गिरफ्तार
घोरावल (सोनभद्र) : स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गुरुवल गांव निवासी दीपक पुत्र कल्लू को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में दीपक के खिलाफ 10 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने मुखबिर की सूचना पर उसके घर से उसे गिरफ्तार किया है।