अपना दल के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
मेडिकल एंट्रेंस (नीट) की परीक्षा 2021 एवं 69000 शिक्षक भर्ती में ओब
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : मेडिकल एंट्रेंस (नीट) की परीक्षा 2021 एवं 69000 शिक्षक भर्ती में ओबीसी आरक्षण की अनदेखी के खिलाफ अपना दल कृष्णा गुट के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर ओबीसी आरक्षण कोटा लागू किए जाने की मांग की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष ई. सीडी सिंह पटेल ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदेश भर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। जिले में अवैध खनन एवं ओवर लोडिग बड़े पैमाने पर चल रहा है, उसे रोका जाय। जिला उपाध्यक्ष गंगेश्वर सिंह पटेल ने कहा कि किसानों को 24 घंटे बिजली तथा सभी प्रकार के कर्ज को माफ किया जाय। किसान मंच जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि जनपद में खनन से होने वाले प्रदूषण को यहां के लोग झेल रहे है। प्रदूषण से बीमार होने पर सरकार द्वारा निश्शुल्क चिकित्सा उपलब्ध करायी जाय। प्रदेश कार्य समिति सदस्य मिथिलेश कुमार सिंह पटेल ने कहा कि प्रयागराज से आयोजित मेडिकल एंट्रेंस नीट परीक्षा में ओबीसी आरक्षण लागू किया जाए। जब तक ओबीसी को कोटा लागू नहीं हो जाता तब तक हम लोग रुकने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि आरक्षण के जनक छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती 26 जुलाई से प्रदेशभर के गांव-गांव में सामाजिक न्याय जागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर विष्णु सिंह, परमेश्वर पटेल, दीप नारायण प्रजापति, सीपी पटेल, राजनाथ सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह, राकेश सिंह पटेल, शान्ति भारती, कविता गौड़, शान्ति, लवकुश केशरी, दीनाशर्मा, अमृत लाल आदि मौजूद रहे।