अनपरा में 191 अभियंताओं ने किया मतदान
अनपरा तापीय परियोजना आवासीय परिसर स्थित अधिकारी मनोरंजन केंद्र में गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ की त्रिवर्षीय केंद्रीय कार्यकारिणी का चुनाव सम्पंन हुआ।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : अनपरा तापीय परियोजना आवासीय परिसर स्थित अधिकारी मनोरंजन केंद्र में गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ की त्रिवर्षीय केंद्रीय कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हुआ। अनपरा में 250 मतदाताओं के सापेक्ष 191 अभियंताओं ने मतदान किया। मतदान स्थल पर पदाधिकारियों द्वारा कोरोना वायरस से बचने के लिए सभी तैयारियां की गई थी। सभी लोगों ने मॉस्क लगा रखा था। निर्देशन के अनुपालन में मतदेय स्थल पर भीड़ का कुनबा कायम नहीं रहा। कुल 16 पदों के लिए मतदान प्रक्रिया सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक जारी रहा। चुनाव पर्यवेक्षक एमए खान द्वारा मतपत्रों की गणना कर उसे सील कर लखनऊ केंद्रीय कार्यालय में जमा करने के लिए ले गये। चुनाव का परिणाम 22 मार्च को लखनऊ में पूरे प्रदेश से आये मत पत्रों की गणना के उपरांत घोषित किया जाएगा। अभियंता संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद पर तीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए चार, चार जोनों में उपाध्यक्ष पद पर नौ, महासचिव पद पर तीन, संयुक्त सचिव पद पर चार, संगठन सचिव हेतु पांच, प्रचार सचिव पद पर तीन, कोषाध्यक्ष पद के लिए दो, चार जोन में सहायक सचिव पद के लिए दस एवं लेखा परीक्षक पद के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।