376 प्रवासी मजदूरों को लेकर दुद्धी पहुंची 16 बसें
उत्तर प्रदेश के चालीस विभिन्न जिले एवं दिल्ली व हरिद्वार के कुल 376 प्रवासी कामगारों को लेकर रविवार को दोपहर बाद झारखंड के रांची से 16 बसे दुद्धी पहुंची।
जासं, दुद्धी (सोनभद्र) : यूपी के 40 विभिन्न जिले एवं दिल्ली व हरिद्वार के कुल 376 प्रवासी मजदूरों को लेकर रविवार की दोपहर बाद झारखंड के रांची से 16 बसें दुद्धी पहुंची। प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने के बाद झारखंड से आई बसें वापस चली गईं। सभी मजदूरों को भाउराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बनाए गये क्वारंटाइन सेंटर में ठहराया गया है। इस संबंध में तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि झारखंड से आये सभी लोगों की जिला स्तर पर सूची बनाई जा रही है। इसके साथ उनकी थर्मल स्क्रीनिग भी कराई जा रही है। तस्वीरें स्पष्ट होने के बाद उन्हें उनके गृह जनपदों के लिए रवाना किया जाएगा। भूख से परेशान थे मजदूर
काफी जद्दोजहद के बाद झारखंड से अपने गृह राज्य पहुंचे प्रवासी मजदूरों ने बस से उतरते ही मौजूद लोगों से भोजन की मांग की। बताया कि शनिवार की सुबह से ही वे भूखे अपने राज्य लौटने के लिए बेबस थे। इसमें शामिल कई महिलाएं व बच्चे रोते हुए लोगों से कुछ खाने का इंतजाम करने की बात कही। इस पर मौजूद कर्मियों के हाथ खड़े किये जाने के बाद समाज सेवियों ने तत्कालीन तौर पर बिस्कुट आदि का प्रबंध कर कुछ राहत देने की कोशिश की।