वैदिक रीति-रिवाज से एक दूजे के हुए 135 जोड़े
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आयोजन शुक्रवार को नगर स्थित नवीन मंडी समिति परिसर में हुआ। इस दौरान 135 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे। शादियां वैदिक रीति रिवाज के साथ संपन्न हुईं। इस अवसर वर वधुओं को आशीर्वाद देकर विदा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष वीरे
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आयोजन शुक्रवार को नगर स्थित नवीन मंडी समिति परिसर में हुआ। वैदिक रीति रिवाज के साथ 135 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे। मौजूद लोगों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद देकर विदा किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार जायसवाल ने किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह की तैयारी काफी दिनों चल रही थी। प्रशासन और परिवार की मौजूदगी में 135 युगलों ने सात फेरे लिए। विवाह समारोह को लेकर सुबह से ही वर-वधुओं के साथ ही उनके परिजन मंडी परिसर में पहुंचने लगे थे। पुरोहितों ने मंडप में हवन कुंड के सामने मंत्रोच्चारण करके परंपरागत ढंग और विधि-विधान से विवाह सम्पन्न कराया। कार्यक्रम के दौरान वर-वधू ने एक-दूसरे के गले में माला पहनाई। उनके परिजनों ने खुशनुमा माहौल में विवाह की जरूरी रस्म पूरी की। जिला समाज कल्याण के साथ ही अन्य अधिकारियों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। नपा अध्यक्ष ने सभी नवदंपतियों के मंगलमय जीवन लिए आशीर्वाद देते हुए कहा कि सरकार ने गरीब लोगों को बड़ी राहत पहुंचाने के लिए सरकारी धन से शादी कराने का फैसला लिया है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले ऐसे परिवार जिन्हें आर्थिक समस्याओं के कारण अपनी पुत्रियों के विवाह के लिए विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता था वे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से सम्मानपूर्वक अपनी पुत्रियों का विवाह संपन्न करा सकेंगे।
समाज कल्याण अधिकारी अधिकारी कृष्णानंद त्रिपाठी ने कहा कि इस योजना में 10 हजार रुपये की लागत के उपहार जिसमें कपड़े, गहने, बर्तन, मोबाइल के साथ ही विवाहित महिला को उसके खाते में 35 हजार रुपये की धनराशि उनके खातों में भेजी जाती है। इस मौके पर पिछड़ा वर्ग अधिकारी प्रदीप तिवारी, राबर्ट्सगंज बीडीओ प्रदीप पांडेय, नपा ईओ प्रदीप गिरी, आरके सिंह, एके राय, अवधेश सोनकर, दिनेश यादव आदि थे।