धारदार हथियार से युवक की हत्या, खेत से शव बरामद
संदना के केसुवामऊ गांव का मामला। परिवारजन ने गांव के ही तीन लोगों पर लगाया हत्या का आरोप।
सीतापुर : दोपहर में खाना खाकर घर से निकले युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शव देर शाम गन्ने के खेत में मिला।
केसुवामऊ में रहने वाला 22 वर्षीय हरीश पुत्र श्याम मंगलवार दोपहर दो बजे घर से निकला था। शाम तक वापस नहीं आने पर परिवारजन ने उसकी तलाश शुरू की। देर शाम ग्रामीणों ने हरीश का शव दुलारे के गन्ने के खेत में पड़ा देखा। युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया था। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
एहतियातन कई थानों की पुलिस गांव में तैनात की गई है। हत्या की वजह का पता लगाया जा रहा है। परिवारजन के आरोप भी पुलिस की जांच के दायरे में हैं। पुलिस का कहना है कि परिवारजन, जिन तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, उनका खेत भी घटनास्थल के पास है। एक आरोपित वारदात के समय खेत में भी मौजूद था।
थानाध्यक्ष संदना फतेह सिंह ने बताया कि युवक की हत्या की गई है। गर्दन पर पीछे से धारदार हथियार से वार किया गया है। परिवारजन ने गांव के ही तीन लोगों पर आरोप लगाया है। दोनों परिवारों में विवाद है।
पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
सीतापुर : सदरपुर के मरघटिया के पास खपूरा के दीपक कुमार पुत्र जगतपाल का शव पेड़ से लटका मिला।
परिवारजन के अनुसार दीपक आधी रात के बाद से लापता था। सुबह ग्रामीण शौच गए तो उसका शव तालाब के किनारे पेड़ से लटकता देखा। मृतक के परिवारजन ने गांव के कुछ लोगों पर रंजिश में हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिर भी आरोपों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।