डीएम से संवाद, आधी आबादी करेगी हक की बात
संवाद 25 नवंबर बुधवार को होगा। इसके लिए डीएम कार्यालय का नंबर भी जारी कर दिया गया है।
सीतापुर : महिलाएं, बालिकाएं व किशोरियां अपनी बात डीएम के सामने रख सकेंगी। सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के मुद्दे पर उनसे संवाद करेंगी। समस्याओं के समाधान पर बात होगी। आधी आबादी को डीएम के अपनी बात रखने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। संवाद 25 नवंबर बुधवार को होगा। इसके लिए डीएम कार्यालय का नंबर भी जारी कर दिया गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्विनी तिवारी के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के तहत हक की बात डीएम के साथ कार्यक्रम किया जाएगा। कार्यक्रम में महिलाएं व बालिकाएं फोनकर सीधे डीएम से संवाद करेंगी। दो घंटे तक के इस कार्यक्रम में महिलाओं को अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। फोन से संवाद सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगा। महिलाएं व बालिकाएं डीएम कार्यालय के नंबर 05862-242996 पर फोन कर सकती हैं। अभियान चलाएं, ओवरलोडिग पर लगाएं लगाम: डीएम
सीतापुर : जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक में डीएम विशाल भारद्वाज ने ओवरलोडिग व ओवरहाइटिग की रोकथाम का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि, अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाए। गन्ने की ट्रॉलियों और ट्रकों के पीछे रिफलेक्टर लगाए जाएं। डीएम ने हादसों के मामलों में एंबुलेंस के रेस्पांस टाइम का विवरण भी मांगा। एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण ने सड़क सुरक्षा से संबंधित की गई कार्रवाई के बारे में बताया। बीते वर्ष हुई दुर्घटनाओं से तुलना करते हुए जनवरी से 31 अक्टूबर तक हुए सड़क हादसों के आंकड़े प्रस्तुत किए।
धान किसानों का किया जाए निस्तारण
संसू, महमूदाबाद (सीतापुर): सपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं, किसानों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल को सम्बोधित छह सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। सपा कार्यकर्ताओं ज्ञापन सौंपकर बताया कि प्रदेश में किसानों का हर स्तर पर शोषण हो रहा है। धान बेचने के लिये किसानों को 15 दिन इंतजार करना पड़ रहा है। गन्ना किसानों का तकरीबन साढे बारह हजार करोड़ रूपया बकाया है। महमूदाबाद चीनी मिल का लगभग 15 करोड़ गत वर्ष का ही लंबित चल रहा है। सपा कार्यकर्ताओं ने धान खरीद में दलाली रोके जाने, सरकारी मंडियों में फैली अव्यवस्थाओं को दूर करने, महमूदाबाद मंडी में इंतजार कर रहे किसानों का धान तत्काल तौलाने, लंबित गन्ना भुगतान तुरंत किये जाने, नहरों की सफाई और ग्राम पंचायतों में गौशाला निर्माण कराने की मांग की। सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष मोहम्मद कादिर, युवा नेता शिवेंद्र प्रताप, साकेंद्र प्रताप, पंकज वर्मा, पुष्कर शुक्ल, प्रवीण, लालजी, सुरेश भार्गव आदि मौजूद रहे।