जलस्तर बढ़ा, गांव के संपर्क मार्ग तक पहुंचा नदी का पानी
- नालों से होकर तटवर्ती रास्ते तक पहुंचा घाघरा का पानी
सीतापुर : घाघरा व शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। सोमवार को घाघरा नदी का पानी नालों से होकर दुर्गापुरवा, फौजदारपुरवा व कोनी गांव के संपर्क मार्ग तक पहुंच गया। रास्ते पर पानी भरने से ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रेतीपुरवा निवासी राजू, बृजेश, रमेश व सुरेश आदि ने बताया कि, नदियों का पानी बढ़ रहा है। जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पानी के तेज बहाव के चलते नदी में नाव चलाना भी मुश्किल हो रहा है। दुर्गापुरवा, फौजदारपुरवा, संबारीपुरवा के समीप बनाए गए स्टड बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं। जलस्तर बढ़ने की सूचना पर तहसीलदार बिसवां राजकुमार गुप्ता ने कोनी गांव पहुंचकर कटान और जलस्तर का हाल जाना। ग्रामीणों को बाढ़ के खतरे से सजग रहने की सलाह दी। बच्चों को नदी के किनारे जाने से रोकने की बात कही।