पशुओं से टकराकर लखनऊ के दो युवकों की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की शाम बेसहारा पशुओं से टक्कर से दो की मौत हो गई। दोनों युवक लखनऊ के कैसरबाग के रहने वाले थे।
सीतापुर: कमलापुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की शाम बेसहारा पशुओं से टकराकर लखनऊ निवासी बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
लखनऊ जिले के थाना कैसरबाग क्षेत्र के मकबूलगंज निवासी सगीर अहमद पुत्र नसीर अहमद व शकील अहमद पुत्र कमरू बाइक से किसी काम से सीतापुर आए थे। यहां से दोनों बाइक से ही शाम को लखनऊ जा रहे थे। शाम साढ़े सात बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरई जलालपुर ओवरब्रिज के पास बेसहारा पशुओं के झुंड से बाइक टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस से लेकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंची। यहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। थानाध्यक्ष आरबी सुमन ने बताया कि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। हादसे की सूचना परिवारजन को दी गई है।
हेलमेट के परखच्चे उड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार तेज गति से जा रहे थे। जिस समय हादसा हुआ पशुओं की आपस में भिड़ंत हो रही थी। बाइक सवार तेज गति के कारण नियंत्रण नहीं कर पाए और टकरा गए। दोनों हेलमेट भी लगाए थे। हादसे के बाद हेलमेट के परखच्चे उड़ गए।